स्टेशन पर ट्रेन में चढ़ते यात्री।
- फोटो : samvad
दिवाली और छठ पर्व पर घर जाने की तैयारी कर रहे रेल यात्रियों के बीच कन्फर्म टिकट को लेकर मारामारी मची है। रेलवे के करीब 80 से 85 फीसदी आरक्षित टिकट घर बैठे ही बुक हो रहे हैं। ऐसे में आरक्षण खिड़की पर पहुंचने वाले यात्री खाली हाथ रह जा रहे हैं। काउंटर पर टिकट की लंबी वेटिंग मिल रही है।
अलीगढ़ में भी बड़ी संख्या में यात्री मोबाइल के जरिये इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (आईआरसीटीसी) की वेबसाइट और एप से टिकट बुक कर रहे हैं। कुछ यात्री अधिकृत एजेंटों के माध्यम से भी आरक्षण करा रहे हैं। इसके चलते रेलवे स्टेशन के आरक्षण काउंटरों पर यात्रियों की भीड़ पहले की अपेक्षा कम हो गई है। अनुमान के मुताबिक, केवल 15 से 20 फीसदी यात्री ही आरक्षित टिकट बनवाने के लिए काउंटरों पर पहुंच रहे हैं।
लंबी दूरी की ट्रेनों में सीटें पहले ही भर चुकी हैं। ऐसे में काउंटर पर पहुंचने वाले यात्रियों को कन्फर्म टिकट नहीं मिल पा रहा। दिवाली और बिहार, पूर्वांचल और अन्य शहरों में काम करने वाले लोग अपने घर लौटना चाह रहे हैं लेकिन टिकट नहीं मिल पा रहा। त्योहार के समय कन्फर्म सीट नहीं मिलने से परेशानी उठानी पड़ रही है।
- यात्रियों की सुविधा के लिए ऑनलाइन आरक्षण की व्यवस्था उपलब्ध है। आईआरसीटीसी की वेबसाइट और मोबाइल एप से यात्री घर बैठे ही टिकट बुक कर सकते हैं। त्योहारों के दाैरान यात्रियों की भीड़ को देखते हुए त्योहार विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। - अमित कुमार सिंह, जनसंपर्क अधिकारी उत्तर मध्य रेलवे