न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
जिलास्तरीय अफसरों के ताबड़तोड़ निरीक्षणाें के बावजूद गेहूं खरीद केंद्रों पर लापरवाही का आलम है। हालांकि अब तक कुल लक्ष्य की 36 फीसदी गेहूं खरीद हो चुकी है। बावजूद इसके प्रभारियों की लापरवाही के चलते कहीं बोरों की कमी के चलते गेहूं खरीद नहीं हो रही है तो कही गेहूं खुले में पड़ा है।
इसकी शिकायत पर गुरुवार को एसडीएम कोल द्वारा किये गए क्रय केंद्रों के निरीक्षण में इसकी पोल खुल गई। साधन सहकारी समिति अकराबाद पर मारे गए छापे के दौरान यहां बोरों की कमी के चलते दो दिन से गेहूं खरीद बंद मिली। एसडीएम ने केंद्र प्रभारी को कड़ी फटकार लगाते हुए तत्काल बोरों की व्यवस्था कर खरीद शुरू कराने के निर्देश दिए। गांव गोपी में गेहूं खुले में पड़ा मिला तो विजयगढ़ एवं वरानदी गेहूं क्रय केंद्र पर भी गेहूं खुले में रखा मिला और खरीद भी बंद मिली।
एसडीएम ने तीनों केंद्रों के प्रभारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए 24 घंटे में सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के आदेश दिए। स्पष्ट कहा कि ऐसा न होने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। खरीद के नोडल अफसर एवं एडीएम वित्त उदय सिंह ने बताया कि 15 अप्रैल से अब तक गेहूं खरीद के कुल लक्ष्य 137500 मीट्रिक टन के सापेक्ष 36 फीसदी यानि कि 49500 मीट्रिक टन गेहूं खरीदा जा चुका है। खरीद 15 जून तक चलेगी।
क्रय केंद्रों पर लगाए जाएंगे कैमरे
गेहूं खरीद में पारदर्शिता लाने के लिए डीएम ने सभी 113 खरीद केंद्रों पर कैमरे लगाने के आदेश दिए हैं। हालांकि शासन द्वारा खुलवाए गए छह क्रय केंद्रों पर सीसी कैमरे पहले से मौजूद हैं। नोडल अफसर एवं एडीएम वित्त उदय सिंह ने बताया कि अन्य केंद्रों पर जल्द ही सीसी टीवी कैमरे लगवा दिये जाएंगे।