न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
जिला ओलंपिक एसोसिएशन की ओर से हेल्थ क्लब, जिम्नेजियम, कुश्ती के अखाड़े, खेल संगठनों के पदाधिकारी ने युवाओं को लोकतंत्र की मजबूती व देश के विकास के लिए लोकसभा चुनाव में अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की।
यूपी ओलंपिक एसोसिएशन के सह संयुक्त सचिव मजहर उल कमर ने रामघाट रोड स्थित रुद्र दा जिम में ‘मतदान हमारी ताकत’ के कार्यक्रम में बॉडी शो का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार युवा खेलकूद व व्यायाम, योग, संतुलित आहार के माध्यम से अपने शरीर को स्वस्थ, सुंदर, बलिष्ठ व बलवान बनाता है। उसी प्रकार देश को सुंदर, खुशहाल व बलवान बनाने के लिए आवश्यक है लोकतंत्र की मजबूती।
यह मजबूती तभी संभव है, जब हम जाति-पाति, वर्ग, समुदाय, पार्टी से ऊपर उठकर भारी संख्या में अपने मतों का प्रयोग करेंगे। मिस्टर यूपी संजीव यादव, कृष्ण बघेल, अमर सिंह, रिजवान, विपिन चौधरी ने मांसपेशियों का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर दीपक शर्मा, दीपक, रामपाल, नरेश कुमार, गुड्डू चौधरी, भरत शर्मा, सोनू, सुमित, राहुल बघेल आदि मौजूद रहे।