न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा 2018 के तहत दोबारा से मूल्यांकन के बाद जिले को अर्ह मिले 167 में से 153 अभ्यर्थियों ने शनिवार को बीएसए दफ्तर में अपनी काउंसिलिंग कराई। इससे पूर्व सभी अभ्यर्थियों ने विद्यालय के विकल्प भी भर दिए हैं। जल्द ही सभी अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र बांट दिए जाएंगे।
बता दें कि जिले में 167 अभ्यर्थी पुनर्मूल्यांकन के बाद भेजे गए। जिनमें से 12 अनुपस्थित रहे और दो अनर्ह पाए गए। बाकी 153 अभ्यर्थियों ने शनिवार को विद्यालयों के विकल्प भरकर अपनी काउंसिलिंग कराई। जिनमें से एक महिला दिव्यांग, 84 महिलाओं को सबसे पहले वरीयता दी गई।
इसके बाद 68 पुरुषों ने विद्यालयों का विकल्प भरा और काउंसिलिंग कराई। काउसिलिंग जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान मडराक प्राचार्य आईपीएस सोलंकी की अध्यक्षता में शुरू हुई।
जिलाधिकारी के प्रतिनिधि के रूप में नगर मजिस्ट्रेट, बीएसए डॉ. लक्ष्मीकांत पांडेय, राजकीय कन्या इंटर कालेज की प्रधानाचार्या पुष्पा, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रेयस कुमार, मुख्यालय बीईओ आलोक प्रताप श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।