न्यूज डेस्क, अमर उजाला अलीगढ़।
देश की सबसे तेज रफ्तार ट्रेन वंदे भारत अपने ट्रायल रन की श्रृंखला की आखिरी कड़ी में सोमवार को दिल्ली से अलीगढ़ के बीच दौड़ेगी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार ट्रेन सुबह नौ बजे के करीब नई दिल्ली स्टेशन से अलीगढ़ की ओर रवाना होगी।
ट्रेन अलीगढ़ जंक्शन पर 10:15 बजे के करीब पहुंचेगी। यहां लगभग 30 से 35 मिनट ट्रेन रुकेगी। इसके बाद फिर से दिल्ली के लिए रवाना होगी। इस दौरान ट्रेन पायलटों के अलावा टेक्निकल स्टाफ भी सवार रहेगा।
बता दें कि वंदे भारत एक्सप्रेस को 15 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर यात्रियों के लिए नियमित तौर पर चालू करेंगे। यह गाड़ी नई दिल्ली से बनारस के बीच चलेगी।
फिलहाल इसके ठहराव के लिए दिल्ली के बाद कानपुर, इलाहाबाद और बनारस स्टेशन ही तय किए गए हैं। इसके लिए दिल्ली से बनारस और इलाहाबाद तक ट्रेन का दो बार ट्रायल रन भी किया जा चुका है।
15 को प्रधानमंत्री के सफर करने की भी बन रही संभावना
15 फरवरी को ट्रेन को नई दिल्ली से हरी झंडी दिखाने के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस ट्रेन के पहले सफर के गवाह बन सकते हैं। फिलहाल इस बात के सिर्फ कयास लगाए जा रहे हैं। रेलवे और पीएमओ की ओर से इस संबंध में अभी कोई अधिकारिक पत्र जारी नहीं किया गया है।