क्राइम डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
प्रधान डाकघर के सीनियर पोस्टमास्टर ने कबाड़ी को बेच रहे डाक से भरे हुए दो बैग के साथ डाकिया प्रेम प्रकाश को दबोच लिया। उसे मौके पर ही निलंबित कर दिया गया।
मंगलवार को महानगर के सिविल लाइन क्षेत्र के टेलीफोन एक्सचेंज के पास एक कबाड़ी को डाक से भरे दो बैग बेचते हुए डाकिये को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया।
लोगों ने डाकिये से कबाड़ी को डाक बेचने की वजह पूछी तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। शक होने पर वहां मौजूद अनिल सिंह ने इसकी जानकारी सीनियर पोस्ट मास्टर विनय को दे दी।
सीनियर पोस्ट मास्टर विनय, डिप्टी पोस्ट मास्टर विनय वार्ष्णेय, सहायक डाकपाल प्रशासन अनुराग दीक्षित सुरक्षाकर्मी के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने मौके से दो बैग डाक समेत डाकिया प्रेम प्रकाश को पकड़ लिया।
हालांकि, कबाड़ी भाग गया। बैग की तलाशी लेने पर उसमें लोगों के आधार कार्ड, टेलीफोन बिल, बैंक के कागजात सहित अन्य जरूरी दस्तावेज थे। इस संबंध में सीनियर पोस्टमास्टर विनय का कहना है कि डाकिया प्रेम प्रकाश को निलंबित कर दिया गया है। उसके खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।