क्राइम डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
महानगर से सटे अनूपशहर रोड के एक निजी स्कूल के हॉस्टल में गैर प्रांत के चौथी कक्षा के छात्र को वरिष्ठ छात्रों ने रैगिंग के नाम पर न केवल पीटा, बल्कि उसके साथ कुकर्म की कोशिश की और ब्लेड से उसके हाथों में घाव भी कर दिए।
दहशत में आए छात्र ने जब स्कूल में क्लास टीचर व प्रधानाचार्य से शिकायत की और यहां तक कह दिया कि अब वह हॉस्टल नहीं जाएगा, तब परिजनों को सूचना दी गई। यहां आए पिता ने थाना जवां में तहरीर देने के साथ जिला विद्यालय निरीक्षक से भी शिकायत की है।
पिता ने शिकायती पत्र में कहा कि उनका 13 साल का बेटा यहां चौथी कक्षा में पढ़ता है और अनूपशहर रोड पर बने हॉस्टल में रहता है। वह जब भी बेटे से मिलने आते थे, तब उन्हें बेटा शांत रहता था। कभी कुछ बताता नहीं था। धीरे-धीरे वह यह कहकर विरोध करने लगा कि यहां नहीं पढ़ना।
मगर उसकी बात समझ नहीं आई। अब 1 मार्च को वह हॉस्टल से स्कूल पहुंचा और उसने साथ रहने वाले वरिष्ठ छात्रों पर रैगिंग के नाम पर मारपीट करने, कुकर्म की कोशिश व ब्लेड से हाथ काटने तक का आरोप लगाया। साथ ही कहा कि वह अब हॉस्टल नहीं जाएगा।
छात्र को दहशत में देख स्कूल की शिक्षिका ने उसे अपने घर में पनाह दी। इधर, जब सूचना परिजन आए तो उन्होंने मामले में थाने में तहरीर देते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक से भी लिखित शिकायत की है। तहरीर में आरोप है कि प्रबंधन मामले को मैनेज करने में भी लगा रहा।
वार्डेन ने तो छात्र से यहां तक लिखवा लिया कि उसके चोट खुद विज्ञान के प्रेक्टिकल में आई हैं। इस मामले में कार्यवाहक एसओ जवां ने स्वीकारा है कि तहरीर मिल गई है। मामला अभी तक मारपीट का समझ में आया है। शुक्रवार को दोनों पक्षों को बुलाया गया है। जांच व बातचीत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।