दो दिन से गायब बच्चे का शव नाले में पड़ा मिला
ब्यूरो, अमर उजाला अलीगढ़।
देहलीगेट थाना क्षेत्र के खैर रोड इंद्रानगर स्थित नाले में दो दिन से गायब बच्चे का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नाले से निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जमालपुर सिविल लाइन निवासी सात वर्षीय इसरार पुत्र इकरार अपने रिश्तेदार के घर शाहजमाल आया था। दो दिन पहले वह खेलने के लिए घर से निकला। उसके बाद लौटकर नहीं आया। परिजनों ने थाने में गुमशुदगी दर्ज करा दी। गुरुवार सुबह इंद्रानगर स्थित नाले में सफाई कार्य चल रहा था। तभी एक सफाईकर्मी को नाले में बच्चे का शव पड़ा दिखाई दिया। पुलिस ने सफाईकर्मियों की मदद से शव को बाहर निकाला और उसकी शिनाख्त होने पर परिजनों को सूचना दी। परिजन विलाप करते हुए मौके पर पहुंचे। पुलिस का कहना था कि बच्चे की मौत नाले में गिरने से हुई है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले की पड़ताल की जाएगी।