मंदिर की बाउंड्री पर हुआ बखेड़ा, कराया समझौता
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
महानगर से सटे क्वार्सी के अनूपशहर रोड पर बसे गांव भगवानगढ़ी में एक मंदिर की बाउंड्री निर्माण को लेकर रविवार सुबह दो समुदायों के आमने-सामने आने पर तनाव पैदा हो गया।
खबर पर कई थानों का फोर्स, सीओ, एसीएम आदि अधिकारी पहुंच गए और बाद में भाजपा नेता भी वहां आ गए। कई घंटे तक चली समझौता वार्ता के बाद दीवार का निर्माण कराना तय हुआ। इस दौरान वहां नेताओं का जमावड़ा बना रहा और गहमागहमी बनी रही।
वाकये के अनुसार गांव के बाहर अनूपशहर रोड पर ही करीब 8 दशक पुराना मंदिर व पंचायती धर्मशाला है। इस मंदिर के ठीक पीछे हारुन पुत्र इलियास का मकान व दुकान है। कुछ दिन से गांव के लोगों ने मंदिर व धर्मशाला की चारदिवारी कराने का निर्णय लिया और रविवार सुबह से वहां नींव खुदाई का काम शुरू करा दिया।
इस पर हारुन पक्ष ने यह कहते हुए विरोध शुरू कर दिया कि इस बाउंड्री की ऊंचाई से उनकी दुकान व दरवाजे ढक जाएंगे। इस विरोध के चलते वहां दोनों समुदायों के लोग काफी संख्या में एकत्रित हो गए और पुलिस तक वहां तनातनी की खबर पहुंच गई।
इस खबर पर तत्काल सीओ तृतीय संजीव दीक्षित, एसीएम, इंस्पेक्टर क्वार्सी, एसओ जवां आदि पहुंच गए। जहां लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया गया और खबर पर बरौली विधायक ठा. दलवीर सिंह, निवर्तमान मेयर शकुंतला भारती, भाजपा नेता मानव महाजन, संजय गोयल आदि पहुंच गए। इन लोगों ने वहां बैठकर ग्रामीणों को समझाकर दोनों पक्षों के बीच वार्ता कराई।
कई घंटे तक चली वार्ता के बाद हारुन की साइड से नियत स्थान से दस फिट जगह छोड़कर बाउंड्री लगाना तय हुआ। इस पर दोनों पक्षों ने पुलिस प्रशासन को लिखित समझौतानामा दिया। तब जाकर बाउंड्री का निर्माण पिलर के साथ कराया गया।
सीओ के अनुसार वहां विवाद या तनाव जैसी कोई बात नहीं थी। इधर, इस मामले में सपा महानगर अध्यक्ष अज्जू इसहाक ने जारी बयान में कहा है कि पीडब्ल्यूडी की जमीन पर मंदिर की बाउंड्री अवैध रूप से बनवाई है। इस मामले में पीडब्ल्यूडी अधिकारियों से उनकी वार्ता हो गई है और वह सोमवार को डीएम-एसएसपी से मुलाकात करेंगे।