शराबी पति ने पत्नी की काटी नाक, पुलिस नही सुन रही फरियाद
ब्यूरो, अमर उजाला, अकराबाद।
थाना क्षेत्र के एक गांव में एक शराबी पति ने शराब के लिए पैसा न देने पर अपनी पत्नी को ना कि जमकर मारापीटा, बल्कि धारदार हथियार से उसकी नाक ही काट डाली।
पीड़ित महिला ने तीन दिन पहले हुई इस घटना की तहरीर थाना पुलिस को दी थी। लेकिन पुलिस ने अभी तक इस मामले में कोई कार्यवाही नही की है।
गांव इरखिनी निवासी महिला राजवती देवी ने बुधवार को थाने में बताया उसका पति अर्जेश कुमार शराबी है। जो कोई कामकाज नही करता है तथा महिला के पास तीन बच्चे हैं।
महिला गांव में मेहनत मजदूरी कर अपना व बच्चों का पालन पोषण करती है। महिला का कहना है कि रविवार को उसका पति घर आकर उससे शराब पीने के लिए रुपये मांगने लगा।
मना करने पर पति ने महिला को जमकर मारना पीटना शुरू कर दिया। पड़ोस के बीच बचाव करने पर पति ने हसिया से महिला की नाक काट डाली थी। पीड़ित ने उसी दिन थाने में लिखित में शिकायत दी।
लेकिन पुलिस ने अभी तक इस मामले में कोई कार्यवाही नही की है। पीड़ित महिला ने किसी निजी डाक्टर से अपनी नाक का इलाज कराया है। पुलिस द्वारा कोई कार्यवाही न होती देख पीड़ित महिला बुधवार को दोबारा थाने पहुंची और निर्दयी पति के खिलाफ कार्यवाही करने की मांग की।