नगर पालिका के क्लर्क ने चेयरमैन पर किया मुकदमा
ब्यूरो, अमर उजाला अलीगढ़।
अतरौली। नगर पालिका की चेयरमैन साजिदा बेगम के खिलाफ नगर पालिका के ही क्लर्क ने अमानत में खयानत की रिपोर्ट दर्ज कराई है। कोतवाली पुलिस ने क्लर्क की तहरीर पर चेयरमैन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं चेयरमैन ने आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि क्लर्क गबन में आरोपी है। उसके खिलाफ कोतवाली में मुकदमा पहले से ही दर्ज है।
नगर पालिका में तैनात क्लर्क नवीन जैन ने कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि चेयरमैन साजिदा बेगम ने दो साल पहले अपनी बेटी की शादी की थी। चेयरमैन के कहने पर वह एक लाख अड़सठ हजार चार सौ रुपये का समान दीपक फर्नीचर हाउस से उधार लाया था। चेयरमैन ने शादी के बाद पेमेंट देने की बात कही थी। दो साल बाद बीत गए लेकिन भुगतान नहीं दिया। क्लर्क के अनुसार दुकानदार लगातार उससे तगादा कर रहा है। उसकी बेइज्जती हो रही है। आरोप लगाया कि दो माह पूर्व चेयरमैन साजिदा बेगम के पास रुपये मांगने उनके घर गया तो चेयरमैन ने धक्के देकर घर से निकाल दिया। कहा कि दोबारा रुपये मांगने आया तो पिटवाएंगी।
- सभी आरोप बेबुनियाद हैं। क्लर्क नवीन जैन पार्किंग ठेकों की रकम के गबन का आरोपी है। उसके खिलाफ कोतवाली में गबन और सरकारी रिकार्ड से छेड़छाड़ की रिपोर्ट पहले से ही दर्ज है। कार्रवाई से बचने के लिए वह झूठे और मनगढ़ंत आरोप लगा रहा है। - साजिदा बेगम, चेयरमैन