शासन स्तर से जिले के 815 विद्यालयों का छात्रवृत्ति का मास्टर डाटा फीड किए जाने से पूर्व इनका सत्यापन कराया जा रहा है। इन विद्यालयों का डाटा समाज कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण और पिछड़ा कल्याण विभाग द्वारा सत्यापित किया जा रहा है।
सत्यापन में विद्यालय के मान्यता संबंधी प्रमाणपत्र और यू डायस कोड सहित अन्य बिंदुओं का अवलोकन किया जा रहा है। सत्यापन रिपाेर्ट पोर्टल पर अपलोड होने के बाद ही विद्यार्थी उस विद्यालय में अपनी छात्रवृत्ति के लिए आवेदन कर सकते हैं। जिले में कक्षा 9 व 10 के 365, कक्षा 11-12 के 265 विद्यालय, स्नातक व अन्य कक्षाओं के 185 विद्यालयों का डाटा छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करने वाले पोर्टल पर फीड है। वर्तमान में इन विद्यालयों के सत्यापन की प्रकिया चल रही है।
पूर्व में बिना सत्यापन के ही विद्यार्थी छात्रवृत्ति के आवेदन पत्र भर देते थे, जिससे विद्यार्थी को यह मालूम नहीं हो पाता था कि उनके विद्यालय की मान्यता कहां तक है। इस बार पोर्टल को अपडेट कर दिया गया है। अब पोर्टल पर पहले विद्यालय को सत्यापित किया जाएगा। इसके बाद ही विद्यालय छात्रवृत्ति पोर्टल पर प्रदर्शित हो सकेगा।
तीनों विभाग अपने अपने पोर्टल पर प्रदर्शित होने वाले विद्यालय का सत्यापन कर उसे हरी झंडी देंगे। सत्यापन पूर्ण होने के उपरांत ही ऑनलाइन मास्टर डाटा फीड होगा। इसके बाद ही सत्यापन में सही पाए जाने वाले विद्यालयों के छात्रों को छात्रवृत्ति का लाभ मिल सकेगा। मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुरील ने बताया कि तीनों विभागों को जल्द से जल्द विद्यालयों का सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए हैं।