राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय।
राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय (आरएमपीयू) परिसर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक व स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। पहले दिन 80 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया।
परीक्षा नियंत्रक धीरेंद्र कुमार ने बताया कि विश्वविद्यालय परिसर में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया पांच मई से शुरू है। विभिन्न पाठ्यक्रमों के लिए मेरिट सूची जारी कर दी गई। प्रवेश प्रक्रिया के दौरान विश्वविद्यालय परिसर में विद्यार्थियों व अभिभावकों की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। प्रवेश संबंधी औपचारिकताओं को पूरा कराने के लिए विभिन्न सहायता काउंटर स्थापित किए गए हैं, जहां विश्वविद्यालय के शिक्षक और कर्मचारी विद्यार्थियों को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान कर रहे हैं।
छूटी प्रैक्टिकल परीक्षा का मिला दूसरा मौका
आरएमपीयू के स्नातक और परास्नातक पाठ्यक्रमों के उन छात्र-छात्राओं के लिए राहत भरी खबर है, जिनकी प्रायोगिक (प्रैक्टिकल) परीक्षाएं किसी कारणवश छूट गई थीं। उनके लिए नया परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। परीक्षाएं निर्धारित नोडल केंद्रों पर होंगी। इसके लिए प्रति विषय, प्रति वर्ष 1500 रुपये परीक्षा शुल्क निर्धारित किया गया है।
परीक्षा नियंत्रक धीरेंद्र कुमार ने बताया कि एमआईएस जनरेट करने की अंतिम तिथि छह जुलाई है। परीक्षा शुल्क जमा करने और फॉर्म भरने की अंतिम तिथि आठ जुलाई है। आवेदन प्रक्रिया महाविद्यालय की वेबसाइट पर लॉग-इन कर पूरी की जा सकती है। 11-12 जुलाई को अशासकीय महाविद्यालयों को नोडल केंद्र बनाकर परीक्षा कराया जाएगा।