धनीपुर एयरपोर्ट का रनवे अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाए जाने की खातिर किसानों से भूमि अधिग्रहण का काम अप्रैल के प्रथम सप्ताह में शुरू हो सकेगा। बुधवार को शासन ने प्रथम चरण में 275 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहण के लिए 7 अरब 38 करोड़ 58 लाख (738.58 करोड़) रुपया जारी कर दिया। यह धनराशि जिला प्रशासन के खाते में हस्तांतरित हो गई है। अब एयरपोर्ट आथरिटी व तहसील प्रशासन मिलकर किसानों से भूमि के बैनामे सरकार के पक्ष में कराने और उन्हें भुगतान करने की प्रक्रिया जल्द शुरू कर देंगे।
लंबे समय से धनीपुर एयरपोर्ट के विस्तारीकरण के लिए 875 करोड़ का बजट प्रस्ताव लंबित था। जिसे पिछले दिनों मंजूरी दी गई। अब बुधवार को पहली किश्त में धनराशि आवंटित कर दी गई है। जेवर में सरकार एशिया का दूसरा सबसे बड़ा एयरपोर्ट विकसित होने के क्रम में धनीपुर एयरपोर्ट का विस्तारीकरण तय किया गया है। इसके लिए पिछले दिनों शासन स्तर से प्रस्ताव मांगा था। एयरपोर्ट प्रभारी/सिटी मजिस्ट्रेट चंद्रशेख्रर ने बताया कि धनराशि बुधवार को जिला प्रशासन के खाते में आ गई है। अब आने वाले सप्ताह में किसानों से भूमि के सरकार के हक में बैनामे शुरू कराए जाएंगे। पहले चरण में कुल कुल 1100 से अधिक किसानों से यह जमीन ली जानी है।
-रनवे विस्तार का काम अब गति पकड़ेगा। इसके लिए शासन स्तर से बुधवार को 738.58 करोड़ रुपया जारी किया गया है। अप्रैल माह में भूमि के बैनामे कराना शुरू कराया जाएगा।-इंद्र विक्रम सिंह, डीएम