क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
अलीगढ़। फर्राटा भर रही उत्तर प्रदेश ‘परिवार’ की बसें शीर्षक से अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के आठ दिन बाद पुलिस एवं आरटीओ ने सोमवार को रोडवेज के नाम पर डग्गामारी करने वाली तीन बसों को पकड़ा है। एक बस पर उत्तर प्रदेश एक्सप्रेस लिखा हुआ है। आरटीओ एवं ट्रैफिक पुलिस के इंस्पेक्टर ने तीनों गाड़ियों को सीज कर दिया है।
14 अप्रैल के अंक में ‘अमर उजाला’ ने फर्राटा भर रही उत्तर प्रदेश ‘परिवार’ की बसें खबर प्रकाशित की। उक्त बसें सेटेलाइट बस स्टैंड के पास खड़ी होकर दिल्ली के लिए सवारी भरने का काम करती हैं।
सोमवार को एआरएम अलीगढ़ लोकेश राजपूत को सूचना मिली कि एक ऐसी ही बस दिल्ली के लिए सवारी भर रही है और मना करने पर बस स्टैंड के कर्मचारी से बस चालक परिचालक अभद्रता कर रहे हैं। इस पर एआरएम ने आरटीओ को सूचना दी।
मौके पर पहुंचे आरटीओ तत्काल मौके पर पहुंचे और बस को सीज कर दिया। एआरएम लोकेश राजपूत ने बताया कि बस संख्या यूपी17टी5939 दिल्ली के लिए सवारी भर रही थी। सूचना पर पहुंचे आरटीओ ने बस को सीज करके रोडवेज के वर्कशॉप में खड़ा कर दिया है। बस मालिक का नाम कुलदीप शर्मा पुत्र सोरन शर्मा निवासी चोबली भोला, बागपत, नियर पुलिस चौकी कुछैर रोड चोपला शाहपुर जाट गाजियाबाद है।
बस पर प्रवीन कुमार निवासी 86 गांव ओगीपुर, चंडौस गभाना है। आरटीओ ने बस चालक से उसका लाइसेंस जमा करा लिया है। इसके साथ ही ट्रैफिक पुलिस इंस्पेक्टर अनूप सिंह ने बताया कि शाम को दो बसों को कागजात न होने पर सीज कर दिया। दोनों बसें सेटेलाइट से दिल्ली मार्ग पर डग्गामारी करती हैं।
बताते चलें कि दिल्ली के लिए सवारी भरने के काम में यह अकेली बस नहीं है। सूत्रों का कहना है कि खैर की ओर का एक पूरा गैंग इसमें सक्रिय है। जो कि यात्रियों और अधिकारियों को चकमा देने के लिए रोडवेज के रंग की बसों पर उत्तर प्रदेश परिवार, एक्सप्रेस तथा डिपो के स्थान पर मेट्रो शब्दों का इस्तेमाल करता है।