न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
महानगर के बरौला क्षेत्र की जाहरवीर कालोनी में स्थित आंबेडकर पार्क में लगी बाबा साहब आंबेडकर की क्षतिग्रस्त प्रतिमा के स्थान पर नई प्रतिमा स्थापित करने का काम बुधवार को भी नहीं हो सका। चुनावी व्यस्तता के चलते पुलिस प्रशासन ने प्रतिमा स्थापित करने के लिए अब 19 अप्रैल की तारीख नियत कर दी है। इधर, छोटी प्रतिमा आने से नाराज हुए लोगों को समझाने के बाद पुलिस ने बड़ी प्रतिमा मंगवाई है। फिलहाल प्रतिमा पार्क के भीतर ही रखी है। बता दें कि बन्नादेवी की जाहरवीर गली में स्थित आंबेडकर पार्क में लगी आंबेडकर प्रतिमा के क्षतिग्रस्त होने पर मंगलवार को उनके अनुयायी गुस्से से भड़क उठे थे। उन्होंने सड़क पर जाम लगाकर हंगामा किया।
हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया। मगर, वह नहीं माने। तत्काल नई प्रतिमा लगवाने और प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने वाले की तलाश कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग पर अड़ गए। इस पर पुलिस ने वहां नई मूर्ति लगवाने और अराजक तत्वों की तलाश करने का आश्वासन दिया। तब लोगों का गुस्सा शांत हुआ था। इस मामले में पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। अराजक तत्वों की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।