न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
होली के लिए रंग, गुलाल, पिचकारी आदि की खरीदारी के लिए बाजार में मंगलवार को ग्राहकों की भीड़ उमड़ी। ऐसे में अति संकरा बाजार होने के चलते सब्जी मंडी बाजार में पल-पल पर जाम भी लगता रहा। जबकि इस बाजार में तो अक्सर जाम लगने की समस्या से दुकानदारों को रूबरू होना पड़ता है। वहीं, सुबह बारहद्वारी के पास जाम में एक बाइक सवार व एक ई रिक्शा चालक में टक्कर के चलते झगड़ा भी हो गया। हालांकि समझदार लोगों ने फैसला कराकर दोनों को अपने गंतव्य के लिए भेजा।
बता दें कि बुधवार को बाजार में होली खेली जाती है और गुरुवार को धूल होली है। ऐसे में ग्राहकों की भीड़ मंगलवार को सब्जी मंडी व कनवरी गंज में गुलाल, पिचकारी, रंग आदि को खरीदने के लिए पहुंची। वैसे तो मंगलवार के चलते अधिकतर बाजार बंद रहे, लेकिन अधिक भीड़ और वाहनों के आवागमन ने जाम के हालात बना दिए। जबकि सामान्य दिनों में भी यहां अक्सर जाम के हालात बने रहते हैं। इसका प्रमुख कारण है कि सब्जी मंडी बाजार की सड़क संकरी है, जबकि इस मार्ग से दो पहिया, तीन पहिया और चार पहिया वाहन तक गुजरते हैं। जो जाम की स्थिति बनाते हैं। इसके बावजूद ग्राहकों ने जमकर खरीदारी की।