न्यूज डेस्क, अमर उजाला अलीगढ़।
डीएम एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्रभूषण सिंह ने चुनाव से पूर्व शस्त्र लाइसेंस और शस्त्र की दुकानों के सत्यापन के आदेश दिए हैं। उन्होंने अफसरों को चुनाव के सभी कामों का बारीकी से निरीक्षण करने एवं प्रत्येक कार्य को समय से पूरा करने को कहा है। साथ ही शांति व्यवस्था कायम रखने को सभी असामाजिक तत्वों को चिन्हित करने के आदेश दिए हैं।
चुनाव संबंधी बैठक लेते हुए डीएम ने कहा कि मतदान एवं मतगणना कार्मिकों तथा नोडल अधिकारियों की नियुक्ति करने का कार्य प्रारंभ किया जाए। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिये कि वह अपने विभाग से संबंधित सभी कर्मचारियों का डाटा फीड करने की तैयारी पूर्ण कर लें। उन्होंने मतदान कर्मियों के प्रशिक्षण से संबंधित कार्य की रूपरेखा बनाने के लिए मुख्य विकास अधिकारी को निर्देशित किया।
साथ ही जोनल, सेक्टर, स्टेटिक एवं माइक्रो मजिस्ट्रेटों की नियुक्ति करने के भी निर्देश दिये। एडीएम सिटी को आदर्श चुनाव आचार संहिता, शिकायत प्रकोष्ठ, निर्वाचन नियंत्रण कक्ष एवं चुनाव आयोग को भेजने की सूचनाओं से संबंधित कार्यों को करने हेतु योजना बनाने को कहा। जिलाधिकारी ने वीडियोग्राफी एवं डिजीटल कैमरों की व्यवस्था करने तथा यथा संभव वीडियो कैमरे खरीदने के निर्देश दिये।
उन्होंने बताया कि 54 मास्टर ट्रेनरों की जो बैठक 15 फरवरी को दोपहर 3 बजे होनी थी वह अब सुबह 11 बजे कलक्ट्रेट सभागार में होगी। मुख्य विकास अधिकारी दिनेश चन्द ने निर्देश दिये कि पीठासीन एवं प्रथम मतदान अधिकारी के प्रशिक्षण हेतु स्थान चिन्हित कर लिया जाए एवं 50-50 के बैच में उन्हें ट्रेनिंग दी जाए। इस अवसर पर एडीएम अजय कुमार श्रीवास्तव समेत अन्य अफसर मौजूद रहे।
जिलाधिकारी 22 को करेंगे सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा
अलीगढ़। जिलाधिकारी चंद्र भूषण सिंह की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक 22 फरवरी को शाम 5 बजे कलक्ट्रेट सभागार में होगी। यह जानकारी संभागीय परिवहन अधिकारी ने दी।