क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
क्वार्सी इलाके की छीतर कालोनी के एक घर में मंगलवार रात को तीन बच्चे झुलस गए। बच्चे एक कमरे में दो अलग-अलग चारपाई पर रजाई ओढ़कर सो रहे थे। इसी दौरान ऊपर लगे बिजली के तारों में चिंगारी उठ गई।
चिंगारी बच्चों की रजाई पर आ गिरी। इससे उसमें आग लग गई। नींद खुलने पर बच्चों ने शोर मचाकर परिजनों को जगाया। हादसे में तीनों बच्चे झुलस गए।
क्वार्सी की छीतर कालोनी में रामचरण सिंह का मकान है। रामचरण ने बताया कि रात को बेटी नेहा (12), पिंटूू (14) और सतेंद्र (16) एक कमरे में सो रहे थे। अचानक आधी रात को तीनों बच्चे के चीखने के आवाज आई तो उन्हें उठकर देखा। बच्चों की रजाई से आग लगी हुई थी।
रजाई में लगी आग को बुझाकर तीनों को बाहर निकाला। हादसे में बच्चों के हाथ और पैर सहित पेट झुलस गया है। तीनों को उपचार के लिए जिला मलखान सिंह अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे के पीछे कमरे में लगे बिजली के तारों से चिंगारी उठने की वजह सामने आ रही है।