न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
मिनी एयरपोर्ट में तब्दील होने जा रही धनीपुर हवाई पट्टी के विकास के लिए भारतीय विमान पत्तनम नई दिल्ली के अफसरों की टीम ने शनिवार को दौरा किया। इस दौरान टीम ने हवाई पट्टी पर उतरने वाले विमानों को रास्ता दिखाने वाली कापी लाइट लगवाने के स्थल एवं कंट्रोल रूम स्थापित करने के लिए जगह चिह्नित की।
मिनी एयरपोर्ट में तब्दील होने जा रही प्रदेश की छह हवाई पट्टियों में शामिल धनीपुर हवाई पट्टी के विस्तारीकरण का काम इन दिनों जोर शोर से चल रहा है। शनिवार को भारतीय विमान पत्तनम नई दिल्ली के अधिकारी लोकपाल सोलंकी, लखनपाल सोलंकी, स्थानीय अधिकारी एसके अग्रवाल एवं उनकी टीम ने धनीपुर हवाई पट्टी का दौरा किया।
टीम ने इस दौरान विमानों को हवाई पट्टी का मार्ग दिखाने वाली कापी लाइट लगवाने के स्थल एवं उसके कंट्रोल रूम स्थापित करने के स्थल का सर्वे कर चयन किया। उन्होंने स्थानीय अधिकारियों से लंबी वार्ता की। करीब दो घंटे तक चले सर्वे के उपरांत टीम नई दिल्ली लौट गई।