डेस्क न्यूज, अमर उजाला,अलीगढ़
प्रतिष्ठित दि अलीगढ़ बार एसोसिएशन का सालाना चुनाव 20 दिसंबर को होगा। इस आशय की घोषणा बार एसोसिएशन की बैठक में की गई। चुनाव को लेकर अधिवक्ताओं में सरगर्मियां तेज हो गई हैं। अध्यक्ष एवं सचिव पद के लिए कई दावेदार सामने आ रहे हैं। कई पुराने चेहरे भी अपने तरकश के तीर कसने में जुटे हैं।
बार अध्यक्ष चौ.राजेंद्र सिंह एवं सचिव राम अवतार के सानिध्य में गुरुवार को हुई एसोसिएशन की बैठक में घोषणा की गई कि बार का सालाना चुनाव 20 दिसंबर को होगा। इस अवसर पर पूर्व बार सचिव योगेश सारस्वत ने बार पदाधिकारियों से चुनाव के लिए आचार संहिता बनाए जाने की अपील की। उन्होंने कहा कि इससे चुनाव नियमानुसार और शांतिपूर्वक हो सकेगा। उन्होंने सुझाव दिया कि प्रचार सामग्री के मानक भी तय किये जाएं। कई अधिवक्ताओं ने उनके प्रस्ताव पर सहमति जताई। इस मौके पर बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद थे।
लगातार तीन दिन बंद रहेंगे सरकारी कार्यालय व बैंक
अलीगढ़। गुरुनानक जयंती, कार्तिक पूर्णिमा एवं गुरु तेग बहादुर शहीदी दिवस और उसके बाद रविवार के चलते सभी सरकारी कार्यालय एवं बैंक लगातार तीन दिन बंद रहेंगे। शुक्रवार आज कार्तिक पूर्णिमा यानि कि देव दीपावली एवं गुरुनानक जयंती का अवकाश है। शनिवार को गुर तेग बहादुर शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में अवकाश है। बैंक बंद रहने से एटीएम में पैसा खत्म होने की प्रबल संभावना है। ऐसे में यदि आपको जरूरत है तो जल्द से जल्द पैसा निकाल लीजिये, वरना पछताना पड़ेगा।