न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
प्रारंभिक उर्वरक स्टाक की पीओएस मशीन में फीडिंग न करने के मामले में जिले के 47 उर्वरक विक्रेताओं का उर्वरक बिक्री अधिकार पत्र निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई करते हुए जिला कृषि अधिकारी ने स्टाक की फीडिंग के लिए सभी को दो दिन का समय दिया है।
जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि प्रमुख सचिव कृषि की अध्यक्षता में 22 जून को पीओएस मशीनों की फीडिंग की समीक्षा की गई। समीक्षा में पाया गया कि जनपद अलीगढ़ में 47 उर्वरक विक्रेताओं ने पीओएस मशीनों में प्रारंभिक उर्वरक स्टाक की फीडिंग नहीं की है।
प्रमुख सचिव ने फीडिंग न करने वाले उर्वरक विक्रेताओं के उर्वरक विक्रय अधिकार पत्र निलंबित करने के आदेश दिये थे। इसी क्रम में यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने सभी निलंबित उर्वरक विक्रेताओं को चेतावनी दी कि यदि उन्होंने दो दिन में पीओएस मशीन पर प्रारंभिक स्टाक की फीडिंग नहीं करायी तो उनका उर्वरक विक्रय प्राधिकार पत्र निरस्त कर दिया जाएगा। इसके लिए वह स्वयं जिम्मेदार होंगे।