न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
बैंक का 250 करोड़ रुपया लेकर भागी कंपनी क्रिस्टल बायोटेक की अतवा हरियाणा स्थित करीब 200 बीघा जमीन को शुक्रवार को तहसील खैर की टीम ने न्यायालय की सुपुर्दगी में दे दिया। कंपनी स्वामी ने अपने को दिवालिया घोषित कर दिया था। इस मामले में हाईकोर्ट ने अपने लिक्विडेटरों को जमीन को कस्टडी में लेने के लिए भेजा था।
एडीएम प्रशासन आरएन शर्मा ने बताया कि क्रिस्टल बायोटेक नाम की कंपनी स्वामी ने बैंक से 250 करोड़ रुपये का लोन लिया था।
इसे चुकाने के बजाय कंपनी स्वामी ने अपने को दिवालिया घोषित कर दिया और भाग गया। इस मामले में हाईकोर्ट ने कंपनी की सभी संपत्तियों को कस्टडी में लेने के आदेश दिए थे।
कंपनी की अलीगढ़ सीमा से सटी अतवा हरियाणा की जमीन को कस्टडी में लेने के लिए न्यायालय ने अपने दोेे लिक्विडेटर भेजे। कमिश्नर मेरठ आरएन धामा, एडीएम प्रशासन आरएन शर्मा, एसडीएम खैर एवं अन्य अफसरों ने मौके पर जाकर 200 बीघा जमीन का डीमार्केशन कर उसे लिक्विडेटरों की सुपुर्दगी में दे दिया।
तहसील टीम ने चिलकौरा बिजलीघर की भूमि से कब्जा हटवाया
तहसील कोल की टीम ने शुक्रवार को गांव चिलकौरा बिजलीघर की बेशकीमती जमीन से अवैध कब्जा हटवाया। यह जमीन डेढ़ करोड़ की बताई जा रही है। एसडीएम कोल डा.पंकज वर्मा ने बताया कि इस जमीन पर ग्रामीणों ने बुर्जी बिटौरे एवं कच्चे निर्माण कराकर लंबे समय से कब्जा किया हुआ था। श्रावस्ती माडल के तहत हर शुक्रवार को होने वाली कार्रवाई के तहत गांव चिलकौरा बिजली घर की जमीन को कब्जा मुक्त करा दिया गया।