न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
प्रदेश पुलिस में होली से ऐन पहले दरोगाओं को इंस्पेक्टर पद पर प्रमोशन दिए जाने की खुशी में पूरा महकमा झूम रहा है। गुरुवार को एसएसपी ने जिले में प्रमोशन पाने वाले 38 सब इंस्पेक्टरों को तीसरा स्टार कंधे पर लगाकर उन्हें निरीक्षक बनने पर बधाई दी और होली पर मिली इस सौगात के बदले प्रदेश पुलिस के साथ-साथ अपना नाम रोशन करने का आह्वान किया।
पुलिस लाइन सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एसएसपी राजेश पांडेय, एसपी क्राइम आशुतोष द्विवेदी, एसपी देहात डॉ. यशवीर सिंह, एएसपी नीरज जादौन, एएसपी रोहन पी ने इन नए पुलिस निरीक्षकों की वर्दी पर तीसरा स्टार लगाया। एक-एक कर सभी के चेहरे पर वर्दी पर स्टार बढ़ते ही खुशी अलग दिखाई दे रही थी।
इसके बाद एसएसपी ने सभी को संबोधन में कहा कि उनके अनुभव में यह पहला मौका है, जब प्रदेश पुलिस में एक साथ इतनी बड़ी तादात में प्रमोशन हुए हैं। सबसे खास बात है कि जिले में 38 में से 8 सब इंस्पेक्टर ऐसे हैं जो लंबे समय से थानों के प्रभारी हैं। मगर बिना किसी विवाद के उनके कार्यकाल चलते आ रहे हैं और उन्हें प्रमोशन मिला है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश पुलिस का इतिहास बेहद गौरवशाली है, इसलिए सभी से आह्वान है कि वह त्योहार पर मिली इस सौगात के बदले इस तरह के काम करके दिखाएं कि जिससे खुद उनका व प्रदेश पुलिस का नाम रोशन हो। बाद में सभी ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर प्रमोशन व होली की शुभकामनाएं दीं।
इस मौके पर प्रमोशन पाने वालों में एसओजी प्रभारी छोटेलाल, एसओ मडराक संजीव दुबे, एसओ पिसावा संजय पांडेय, एसओ हरदुआगंज डॉ. विनोद सिंह, एसओ अकराबाद विनोद कुमार, एसओ बरला वीपी गिरी, एसओ लोधा वीरेंद्र इंदौलिया, एसओ गोंडा शंभू तिवारी, एसओ दादों अजय सिंह चाहर, एसओ पालीमुकीमपुर अजीत सिंह के अलावा एसएसआई बन्नादेवी वेदप्रकाश, एसएसआई गभाना रामकुमार गुप्ता, एसएसआई महिला थाना ऊषा तोमर, चुनाव सेल में तैनात मनोज कुमार के अलावा देहली गेट से एसआई प्रवेश राणा, इगलास से विनोद मिश्रा, अतरौली से सुनील कुमार, गंगीरी से रामअरज यादव, सासनी गेट से प्रवेश कुमार, क्वार्सी से दिनेश कुमार, सिविल लाइंस से मुनेश चंद्र, एलआईयू से सुरेश चंद्र, सासनी गेट से अतुल कुमार, गांधीपार्क से विजेंद्र सिंह, क्वार्सी से छत्रपाल सिंह, एलआईयू से पिंकी सिंह, इगलास से जितेंद्र सिंह, ट्रैफिक से तालिब हुसैन, बरला से अवनीश कुमार, ताज सुरक्षा में संबद्ध जितेंद्रपाल सिंह, पुलिस लाइन से वीरेंद्र यादव, एलआईयू से विनोद कुमार, गंगीरी से सहसवीर सिंह, केजेएस मथुरा से संबद्ध शंभूनाथ सिंह, छर्रा से महावीर सिंह, एलआईयू से मदनगोपाल, कन्नौज से आए सुबोध उपाध्याय, मुरादाबाद से आए सुरेंद्र कुमार, जीआरपी से आए सत्यप्रकाश व सुरेंद्र कुमार आदि को प्रमोशन मिला है। इस मौके पर प्रतिसार निरीक्षक राममोहन शर्मा ने भी सभी को बधाई दी।