कुश्ती से आती है शरीर में फुर्ती : डीएम
ब्यूरो, अमर उजाला अलीगढ़।
डीएम ऋषिकेश भास्कर याशोद ने कहा कि कुश्ती से हमारे शरीर के हर एक अंग की कसरत हो जाती है। इससे शरीर में फुर्ती आती है। इसलिए कुश्ती में पहलवानों को जोर आजमाइश करनी चाहिए।
बुधवार को स्टेडियम में युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग की ओर से आयोजित जिला स्तरीय ग्रामीण खेलकूद प्रतियोगिता का उद्घाटन करने के दौरान उन्होंने कहा कि मनुष्य के शारीरिक व बौद्धिक विकास, स्वस्थ व निरोग जीवन के लिए खेलकूद आवश्यक है। सीडीओ दिनेश चंद्र ने कहा कि ऐसे खेलकूद प्रतियोगिता से प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन होता है। इसलिए ऐसी प्रतियोगिताएं ब्लॉक स्तर पर होनी चाहिए। जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी राकेश कुमार ने खेलकूद के कार्यक्रमों के आयोजन से संबंधित जानकारी दी। प्रतियोगिता में पहले व दूसरे स्थान पर आने वाले खिलाड़ियों को ट्रैक शूट दिए गए। वहीं, कुश्ती विजेताओं को नदीम खांडे की ओर से सूखे मेवे का पैकेट दिया गया।
दौड़ में मारी बाजी
महिला वर्ग के 100 मीटर दौड़ में खीरेश चौधरी, 400 मीटर में उमा तिवारी, 800 मीटर में कमलेश, 1500 मीटर में कमलेश, लंबी कूद में खीरेश चौधरी, गोला फेंक में कांता तोमर ने बाजी मारी। पुरुष वर्ग के 400 मीटर दौड़ में संदीप पाठक, 800 मीटर में किशोर कुमार, 1600 मीटर में किशोर कुमार, 3000 मीटर में अरविंद, लंबी कूद में निमेश यादव, ऊंची कूद में मनोज, गोला फेंक में आकाश तोमर, तश्तरी फेंक में प्रशांत चौधरी प्रथम रहे।
कुश्ती के विजेता
पुरुष वर्ग में 55 किग्रा में दानिश, 60 किग्रा में हेमंत, 66 किग्रा में शाहरुख, 74 किग्रा में शेखर, 74 किग्रा से ज्यादा भार में जीशान प्रथम रहे। जबकि महिला वर्ग में 48 किग्रा में किरन शर्मा, 51 किग्रा में अवनी, 55 किग्रा में सोनम तोमर, 59 किग्रा में स्वाति राघव प्रथम रहीं।
अखाड़े की मिट्टी को स्पर्श
डीएम ने अखाड़े को स्पर्श किया। कुश्ती शुरू होने से पहले उन्होंने मिट्टी में सरसों का तेल मिलाया। खिलाड़ियों ने मिट्टी की मालिश की। इस मौके पर उनके साथ सीडीओ दिनेश चंद्र मौजूद रहे।
ये रहे मौजूद
क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी रानी प्रकाश, कार्यक्रम प्रभारी हरि प्रेम, उप क्रीड़ा अधिकारी अश्वनी कुुमार त्यागी, अर्जुन सिंह फकीरा, यासीन शम्स, तसलीम मुख्तार, नदीम खांडे, शेर सिंह, ऋषिपाल सिंह, दलवीर सिंह, रेखा रानी, जगदीश प्रसाद आदि मौजूद रहे।