तीन दिन तक घर में पंखे पर लटकता रहा शव
ब्यूरो, अमर उजाला, गंगीरी (अलीगढ़)।
कस्बा दादों निवासी एक व्यक्ति ने अपने घर पर पंखे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। तीन दिन से शव उसी तरह लटकता रहा। बुधवार शाम कर्जदाता ने दरवाजे पर दस्तक दी, जिसके बाद खुदकुशी का खुलासा हुआ।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया। तीन दिन पहले मौत होने से शव से दुर्गंध आ रही थी।
बताते हैं कि दादों निवासी 28 वर्षीय गजेंद्र सिंह पुत्र पप्पू सिंह की बारबर की दुकान थी। नशे का लती होने के कारण दुकान बंद हो गई थी। उसकी आदतों से परेशान पत्नी भी छोड़कर मायके चली गई थी। इससे वह परेशान रहता था। गजेंद्र ने दोबारा दुकान खोलने के लिए पिता से जमीन बेचने के लिए कहा था।
जमीन बेचने का दबाव बनाने के लिए वह पहले भी दो बार फांसी लगाकर और कैंची मारकर खुदकुशी का प्रयास कर चुका था। बताते हैं कि तीन दिन पहले ही मायके में पत्नी को बेटा हुआ था। इस पर पिता से एक हजार रुपये लेकर गजेंद्र ससुराल जिरौली गया था जहां विवाद होने पर उसी दिन शाम में घर आ गया।
गुरुवार शाम पांच बजे एक कर्जदार ने उसका दरवाजा खटखटाया। आवाज न आने पर धक्का दिया तो दरवाजा खुल गया। सामने पंखे पर गजेंद्र का शव लटक रहा था। यह देख उसने शोर मचाया।
सूचना पर पहुंचे एसओ अजय सिंह चाहर ने बताया कि गजेंद्र घर में अकेला रहता था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पति की मौत की खबर पर पत्नी भी देर शाम पहुंच गई।