अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम से भड़के दुकानदार
ब्यूरो, अमर उजाला, इगलास (ब्यूरो)।
बुधवार को हस्तपुर में अतिक्रमण हटवाने पहुंची तहसील की टीम पर दुकानदार भड़क उठे। दुकानदारों ने नारेबाजी करते हुए एसडीएम का पुतला फूंका। इस दौरान प्रशासन और दुकानदारों के बीच तीखी झड़प हुई।
दुकानदारों के अनुसार वह अपनी बात डीएम के समक्ष रखेंगे। डीएम से मिलने के लिए बुधवार शाम दुकानदारों का प्रतिनिधि मंडल अलीगढ़ गया।
पूर्व घोषित योजना के अनुसार लोक निर्माण विभाग और पुलिस के साथ नायब तहसीलदार डा. मनीष कुमार सिंह के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम जेसीबी लेकर अतिक्रमण हटवाने पहुंची थी।
राजस्व विभाग के नक्शे में बीच सड़क से 32-32 फिट तक सड़क के दोनों ओर अतिक्रमण हटाने के लिए दुकानदार सहमत थे, लेकिन मौके पर पहुंचे पीडब्ल्यूडी के अफसरों ने बीच सड़क से 45-45 फिट तक दुकान, मकान तोड़ने की बात कही, जिस पर दुकानदार भड़क उठे।
व्यापार मंडल नेता योगेंद्र आर्य के नेतृत्व में दुकानदारों ने नारेबाजी शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि प्रदेश सरकार की मंत्री गुलाबो देवी से भी दुकानदारों ने प्रशासन पर उत्पीड़न का आरोप मढ़ा था।
उधर एसडीएम ललित कुमार के अनुसार पुतला दहन की बात गलत है। टीम के सामने ऐसा कुछ नहीं हुआ है। योगेंद्र आर्य पहले भी गलत काम लेकर उनके पास आते रहे हैं, जिस पर मना कर दिया था।