जेसीबी से ध्वस्त कराया अवैध कब्जा
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
छर्रा क्षेत्र के गांव छौगवां में राजस्व विभाग की टीम ने फोर्स के स्थायी अवैध कब्जों को जेसीबी के जरिए ध्वस्त करवा दिया। कब्जा हटवाने के बाद जमीन ग्रामसभा के सुपुर्द कर दी गई।
बताते चलें कि इसी गांव में पांच दिन पहले ग्रामीणों ने कब्जा हटवाने पहुंची एंटी भूमाफिया टीम पर पथराव किया था, जिसमें एक गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई थी। टीम को उल्टे पांव लौटना पड़ा था।
प्रशासन के अनुसार गांव छौगवां में गाटा संख्या 130, 131, 125 पर कुछ व्यक्तियों ने अवैध कब्जा कर रखा था। न्यायालय से कब्जा बेदखली के आदेश व जुर्माना होने के बाद भी अवैध कब्जे में नहीं हटे थे।
15 जुलाई को टीम गांव में अवैध कब्जा हटवाने पहुंची थी, किंतु ग्रामीणों के विरोध के चलते उल्टे पैर लौटना पड़ा था। बुधवार दोपहर 12 बजे फिर से टीम गांव पहुंची।
तहसीलदार राजेश कुमार, नायब तहसीलदार अजीत सिंह, राजस्व निरीक्षक बबलू कुमार, कोतवाल शत्रुघन उपाध्याय के साथ लेखपाल और पुलिस बल मौजूद रहा। पूरा गांव छावनी में बदल गया।
विरोध करने वाले घरों में कैद कर दिए गए। इसके बाद खाद के गड्ढे, नाला, सड़क के ऊपर अवैध कब्जों को जेसीबी से हटवाया गया। तहसीलदार ने कहा कि दोबारा कब्जा करने वालों पर कड़ी कानूनी कार्यवाही की जाएगी।