जीएसटी लगते ही स्पीड पोस्ट की कीमत बढ़ी
ब्यूरो, अमर उजाला अलीगढ़।
एक जुलाई से जीएसटी लागू होते ही स्पीड पोस्ट की कीमतों में भी वृद्घि हुई है। बढ़ी कीमतों को लेकर कई बार डाकघर में कर्मचारी व ग्राहकों में गहमागहमी भी हुई। वहीं, एक जुलाई से डाकघर की बचत योजनाओं की ब्याज में भी दस पैसे की कटौती हुई है।
विगत दिनों शनिवार की आधी रात से एक देश और एक कर का एलान हो गया।
जीएसटी की जद में डाक सेवा को भी रखा गया है। डाक घर के अधिकारियों ने बताया कि जीएसटी लागू होने के बाद लोकल में 17 रुपये की स्पीड पोस्ट अब 18 रुपये व बाहर जाने वाली 40 रुपये की स्पीड पोस्ट 41 रुपये में हो रही है। बता दें कि जीएसटी लागू होने के बाद लगभग तीन से चार दिन कोई आर्टिकल बुक नहीं किया गया था। अधिकारियों का कहना था कि जीएसटी साफ्टवेयर अपलोड नहीं हुआ था, जिसके चलते एक दो दिन आर्टिकल बुक नहीं किए गए थे, लेकिन अब जीएसटी रेटों के साथ आर्टिकल बुक किए जा रहे हैं।