फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अलीगढ़ में बवाल-हंगामे के बीच 74.5 फीसदी मतदान

Fri, 30 Apr 2021 02:28 AM IST
अलीगढ़ ब्यूरो अमर उजाला, अलीगढ़।
विज्ञापन
विज्ञापन
छठवें त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के चौथे चरण में बृहस्पतिवार को जिले में बवाल व हंगामे के बीच करीब 74.5 फीसदी मतदान हुआ। 2969 मतदान स्थलों पर 15858 प्रत्याशियों के लिए सुबह सात बजे शांतिपूर्ण तरीके से मतदान शुरू हुआ था। सूरज चढ़ने के साथ ही मतदान का प्रतिशत बढ़ा तो प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच विवाद भी होने लगे।
विज्ञापन


अकराबाद के आलमपुर गांव के मतदान केंद्र पर फर्जी वोटिंग को लेकर दो पक्षों में पथराव हो गया। लोगों ने पुलिस को भी खदेड़ दिया। करीब दो घंटे मतदान बंद रहा। पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों की गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए। मतपेटिकाओं को भी लूटने की कोशिश हुई। इस मामले में मौके से 12 से अधिक लोगों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

इधर, जवां के गांव नागौला में प्रधान पद के प्रत्याशी कौशल प्रजापति की मौत होने से वहां के लोगों ने मतदान निरस्त करने की मांग की। एसडीएम संजीव ओझा ने लोगों को समझाकर मतदान शुरू कराया। इसके अलावा जिलेभर में मतदान के दौरान छिटपुट हिंसा की घटनाएं होती रहीं। शाम छह बजे तक मतदान हुआ। छह बजे के बाद सेक्टर मजिस्ट्रेटों, जोनल मजिस्ट्रेटों ने भारी सुरक्षा के बीच मतपेटिकाओं को स्ट्रांग रूम में जमा कराया। दो मई को मतों की गणना के बाद विजेता प्रत्याशियों के नामों का एलान होगा।
विज्ञापन


 जिले में कुल 876 ग्राम प्रधान, 1156 क्षेत्र पंचायत सदस्य व 47 जिला पंचायत सदस्य व 10973 ग्राम पंचायत सदस्य पदों के लिए मतदान हुआ। सुबह सात बजे से मतदान शुरू हुआ। नौ बजे तक सिर्फ आठ फीसदी मतदान हुआ। 11 बजे तक 22 फीसदी और एक बजे तक 36 फीसदी मतदान हुआ। तीन बजे तक यह सिलसिला 51 प्रतिशत पर पहुंचा। शाम आठ बजे तक करीब 74.5 फीसदी मतदान हुआ।

मतदान के दौरान लोधा के जिरौली डोर गांव के मतदान केंद्र, खैर के सुजानपुर के मतदान केंद्र पर पोलिंग पार्टियों पर आधा मतपत्र फाड़कर देने का मामला सामने आया। शिकायत के बाद सेक्टर मजिस्ट्रेटों ने वहां पहुंचकर व्यवस्था संभाली। मडराक के गांव घासीपुर में मतदान केंद्र पर एक प्रधान पद प्रत्याशी ने बगैर परिचय पत्र के वोट डालने का आरोप लगाते हुए हंगामा काटा। अकराबाद के गांव मिर्जा चांदपुर में वोटिंग के दौरान दो प्रत्याशियों के बीच फर्जी वोटिंग के आरोपों को लेकर मारपीट हुई। बिजौली ब्लॉक के हरदोई गांव में बूथ पर फर्जी वोट डालने को लेकर मारपीट हुई। इसमें एक व्यक्ति का सिर फट गया।


दादों के गांव अटा में दो पक्षों में फर्जी मतदान को लेकर मारपीट-पथराव हो गया। यहां एक पुलिसकर्मी घायल हो गया। गंगीरी के गांव नगला बंजारा में बूथ पर झगड़ा हो गया। इगलास के सहारा खुर्द गांव के मतदान केंद्र पर शाम चार बजे के बाद हंगामा हो गया।

गोंडा के नगला चंदराम, चंडौस के ताजपुर. कसेरू, रजापुर, धनीपुर के बिसावरपुर सिल्ला गांव में मतदान के अंतिम घंटे के दौरान छिटपुट मारपीट की घटनाएं हुईं। पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों ने जैसे-तैसे इन घटनाओं पर काबू पाया और शाम पांच बजे मतदान खत्म होने के एलान किया। मगर, नियमानुसार जो मतदाता पांच बजे तक बूथ पर पहुंच चुके थे, उनको वोट डलवाए गए। शाम छह बजे तक यह प्रक्रिया संपन्न हुई।

इसके बाद सेक्टर, जोनल, सुपर मजिस्ट्रेटों की निगरानी में सभी ब्लाकों से मतपेटिकाओं को संबंधित ब्लाक में बनाए गए स्ट्रांग रूम तक सुरक्षित तरीके से पहुंचाई गईं।


छिटपुट घटनाओं के बीच पंचायत चुनाव का मतदान शाम छह बजे तक खत्म हुआ। मतपेटिकाओं को स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखवा दिया है। दो मई को मतगणना के समय इनको खोला जाएगा।
विज्ञापन

- विधान जायसवाल, उप जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत)
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें