न्यूज डेस्क, अमर उजाला अलीगढ़।
सीआरपीएफ जवानों की शहादत पर एक छात्र ने आपत्तिजनक टिप्पणी कर एएमयू के नाम को ठेस पहुंचाने की कोशिश की। वहीं एएमयू के सैकड़ों छात्रों एवं शिक्षकों ने इस घटना की भर्त्सना कर शहीदों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की।
पिछले चार दिन से धरना पर बैठे एएमयू छात्रों ने बाब-ए-सैयद पर जुमे की नमाज के बाद पुलवामा अटैक में शहीद हुए जवानों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की। दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धासुमन अर्पित किया। एएमयू एवं जिला प्रशासन के अधिकारी इसके साक्षी बनें। अध्यक्ष सलमान इम्तियाज ने आतंकी हमले की निंदा की और सरकार से आतंकियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की।
एएमयू टीचर्स एसोसिएशन की कार्यकारिणी ने बैठक कर पुलवामा घटना की भर्त्सना की और इसे दर्दनाक, शर्मनाक एवं कायरतापूर्ण कारनामा बताया। अमुटा महासचिव प्रो. नजमुल इस्लाम ने बताया कि शिक्षकों ने शहीद हुए जवानों के परिजनों के प्रति हमदर्दी व्यक्त की।
जेएन मेडिकल कॉलेज के रेजीडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. अब्दुल्लाह आजमी, उपाध्यक्ष डॉ. मो. हमजा एवं सचिव डॉ. शादमा शाहिन ने आतंकी हमले की तीखे शब्दों में निंदा की और शहीद जवानों के प्रति श्रद्धासुमन एवं घायलों के जल्दी स्वास्थ्य होने की कामना की।
शहीद जवानों के बच्चे एएमयू में आकर एडमिशन लें। हमलोग फीस माफ कराने या न्यूनतम फीस लेने की कोशिश करेंगे। ये वह जवान हैं जिन्होंने देश के लिए प्राण न्योछावर कर दिया। एएमयू छात्र जवानों के साथ हैं।
- सलमान इम्तियाज, अध्यक्ष, एएमयू छात्र संघ