न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़
अलीगढ़। अलीगढ़-खैर-टप्पल-जेवर-बाजना बस आपरेटर्स यूनियन एवं प्रशासन के बीच तनातनी कम होने का नाम नहीं ले रही है। सोमवार को बस आपरेटर्स यूनियन के पदाधिकारियों ने एसडीएम कोल से मुलाकात की। इस दौरान पदाधिकारियों ने बिना परमिट के रूट पर दौड़ रही रोडवेज बसों एवं डग्गेमार वाहनों को बंद कराने पर प्राइवेट बसों के संचालन की शर्त रखी। इस पर एसडीएम ने प्रशासन द्वारा निर्धारित बस स्टैंड से बसों का संचालन करने और डग्गेमार तथा रोडवेज बसों को रोकने का आश्वासन दिया। पदाधिकारी एसडीएम को ज्ञापन देकर कार्यालय से बाहर निकले ही थे और बसों का संचालन शुरू करा दिया, लेकिन लोधा पुलिस ने एक बस को पकड़ लिया और चालक को शांतिभंग में पाबंद कर दिया।
सोमवार को यूनियन के पदाधिकारी एसडीएम कोल जोगेंद्र सिंह से मुलाकात को पहुंचे। यूनियन पदाधिकारियों ने अपनी समस्या से एसडीएम को अवगत कराते हुए ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में लिखी मांगों को एसडीएम से स्वीकार कर लिया, लेकिन बसों का संचालन निर्धारित स्टैंड से करने की भी बात कही। इधर, लोधा थाना क्षेत्र में यूपी 81 बीटी 2964 बस को नादा पुल से बसों का संचालन करने का आरोप में रोक लिया। बस को थाने में खड़ा कर लिया और चालक रोहताश शर्मा को शांतिभंग में पाबंद कर जेल भिजवा दिया। थाना प्रभारी लोधा बीपी गिरी ने बताया कि बस को सीज नहीं किया है। बस मालिक से कागजात दिखाने के लिए कहा है। चालक को शांतिभंग चालान कर कोर्ट में पेश किया गया।
यूनियन के प्रबंधक मोहनदत्त शर्मा पर टप्पल, जेबर और बन्ना देवी थाने में अवैध वसूली के कई मुकदमे दर्ज हैं। प्रबंधक के बेटे पुनीत के खिलाफ भी देहली गेट में गुंडा एक्ट लगी है। यूनियन के पदाधिकारियों ने मोहनदत्त शर्मा पर आरोप लगाया कि वह बसों का संचालन नहीं करने दे रहे हैं। जबकि वह अपनी बसों को निर्धारित बस स्टैंड से ही चलाना चाहते हैं। मोहनदत्त गुट के लोगों ने रोडवेज बसों से सवारी खींचने की कोशिश की। इसलिए पुलिस ने कार्रवाई की है। इसमें मेरा कोई रोल नहीं है।
जोगेंद्र सिंह, एसडीएम कोल