न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
मंगलवार को सीएमओ डॉ. एमएल अग्रवाल ने दो अलग अलग स्थानों पर जाकर शासन योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान मीजल्स रुबेला अभियान में शत प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त नहीं होने पर नगरीय स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी को कार्यवाही की चेतावनी दी गई है।
मंगलवार को सीएमओ डॉ. एमएल अग्रवाल नगरीय स्वास्थ्य केंद्र जमालपुर पर पहुंचे। उन्होंने जिले में चलाए जा रहे मीजल्स रुबेला अभियान की समीक्षा की। इस केंद्र पर अब तक 20 सत्र टीकाकरण के लगाए गए हैं, जिनमें तकरीबन एक हजार बच्चों का टीकाकरण किया गया है।
सीएमओ ने केंद्र की प्रभारी डॉ. आरफीन जेहरा को लक्ष्य प्राप्ति के लिए निर्देशित किया है। साथ ही शत प्रतिशत लक्ष्य हासिल नहीं होने की स्थिति में कार्यवाही की चेतावनी दी है।
निरीक्षण के अवसर पर जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. राहुल कुलश्रेष्ठ मौजूद थे। इसके बाद सीएमओ जेएन मेडिकल कालेज पहुंचे। यहां पर उन्होंने थैलीसीमिया के मरीजों के उपचार की व्यवस्था को देखा।
मेडिकल कालेज की नोडल अधिकारी डॉ. जेना जकाउर ने बताया कि मेडिकल कालेज में थैलीसीमिया के 90 और हीमोफीलिया के 132 मरीज रजिस्टर्ड हैं।
थैलीसीमिया के मरीज को प्रत्येक दस दिन में खून चढ़ाया जाता है। उन्होंने बताया कि ऐसे मरीजों के इलाज के लिए मेडिकल कालेज को 25 लाख रुपये स्थानांतरित हो गए हैं।