क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़
अलीगढ़। महानगर के सासनीगेट थाना क्षेत्र के एक युवक का मोबाइल खोना बहुत महंगा पड़ा है। युवक के मोबाइल से किसी ने डाटा चोरी कर एसबीआई बैंक से दो बार में 39 हजार की रकम पार कर दी। अब प्रार्थी ने एसएसपी से मुकदमा दर्ज करने की गुहार लगाई है।
सासनीगेट क्षेत्र के विवेक विहार कालोनी निवासी धर्मेंद्र कुशवाहा पुत्र ओम प्रकाश कुशवाहा नौ अक्तूबर को शाम सात बजे के लगभग मेडिकल कालेज से क्वार्सी की तरफ जा रहा था। रास्ते में धर्मेंद्र का कहीं मोबाइल गुम हो गया। इसके बाद 16 अक्तूबर को पता चला कि खाते से 39894 रुपये की रकम दो बार में पार हो गई है। एसएसपी दफ्तर में शिकायत देते हुए कहा कि कहा कि उक्त मोबाइल में सारा डाटा सेव था। किसी ने उसके डाटा को चोरी कर लिया और रकम पार कर ली। सर्विलांस पर मोबाइल लगाकर मुकदमा दर्ज करने की धर्मेंद्र ने एसएसपी से गुहार लगाई है।