न्यूज डेस्क, अमर उजाला अलीगढ़।
अखिल भारत हिंदू महासभा की राष्ट्रीय सचिव महंत डॉ. पूजा शकुन पांडेय खून से खत लिखकर आज राष्ट्रपति से इच्छा मृत्यु की मांग करेंगी। उन्होंने यह फैसला सर्वोच्च न्यायालय द्वारा एससी-एसटी एक्ट में दिये गए दिशा-निर्देश के विरोध में केंद्र सरकार द्वारा विधेयक लाए जाने के खिलाफ ली है।
डॉ. पूजा शकुन पांडेय का कहना है कि केंद्र सरकार के इस फैसले से हिंदू समाज कमजोर होगा और समाज के दुश्मन इसका फायदा उठाएंगे। उन्होंने कहा कि इससे हमारे बच्चों का भविष्य खतरा में पड़ जाएगा।
डॉ. पूजा शकुन पांडेय शुक्रवार को मीडिया के समक्ष 1 बजे खून से खत लिखकर राष्ट्रपति को भेजेंगी। उल्लेखनीय है कि हाल ही में मेरठ में हिंदू न्याय पीठ की स्थापना कर पूजा शकुन पांडेय राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आई थी। इस मामले में उच्च न्यायालय द्वारा डॉ. पूजा शकुन पांडेय को नोटिस भी दिया गया है।