क्राइम डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
गूलर रोड की कृष्णा विहार कालोनी में एक घर एवं गोदाम से पकड़े गए राशन के चावल से भरे ट्रक मामले में सोमवार को मकान स्वामी समेत छह लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो गई है। पुलिस छानबीन में जुट गई है।
तहसील कोल की टीम ने तहसील के पीछे फायर ब्रिगेड कालोनी के सामने से ट्रक संख्या यूपी 81 बीटी 3948 को शक के आधार पर रोका था। चेकिंग में इसमें राशन के चावल के कई बोरे लदे मिले। चालक से पूछताछ में पता चला कि वह यह चावल गूलर रोड स्थित मित्र मंडल धर्मकांटे के पीछे कृष्ण विहार कालोनी में पंकज वार्ष्णेय पुत्र विधिश चंद्र वार्ष्णेय के घर व गोदाम से लादे थे।
इस पर पूर्ति विभाग के अफसरों को बुलाकर चेकिंग करायी गई। जिला पूर्ति अधिकारी नीरज सिंह ने बताया कि ट्रक एवं गोदाम में कुल मिलाकर 338 क्विंटल राशन का चावल बरामद हुआ है। इस मामले में आरोपी पंकज वार्ष्णेय, राजबहादुर, ट्रक चालक स्वामी, परिचालक भोला समेत छह लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करायी गई है।