न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
कंडम वाहनों व माल के बोझ तले दबे थानों में अब सफाई अभियान चलेगा। इसके लिए बाकायदा प्लानिंग तैयार की जा रही है। दो दिन पहले डीजीपी के दौरे के वक्त जब थानेदारों ने बैठक में यह समस्या उठाई तो उन्होंने इसे गंभीरता से लिया और कहा कि इसके लिए प्लानिंग तैयार कर ली जाए। यह अकेले अलीगढ़ की ही नहीं, पूरे प्रदेश की समस्या है और प्रदेश भर में यह अभियान चलाया जाएगा। इसी क्रम में अलीगढ़ में अभियान चलाने की प्लानिंग चल रही है।
किसी भी थाने की स्थिति पर गौर करें तो देखने में आता है कि थाना परिसर के अंदर व बाहर पुराने, कंडम वाहनों का जमावड़ा लगा हुआ है। शहरी क्षेत्र में क्वार्सी, बन्नादेवी, गांधीपार्क, सासनी गेट, देहली गेट आदि थानों की हालत तो बेहद दयनीय है।
इन थानों में थानों के अंदर अब जगह शेष नहीं बची है। इसलिए थानों के बाहर यह कंडम वाहन चट्टान बनाकर एकत्रित किए जा रहे हैं। हालांकि समय-समय पर इनके निस्तारण व नीलामी के लिए अभियान चलता है।
पिछले दिनों निवर्तमान आईजी के निर्देश पर भी अभियान चला था। मगर उसमें ज्यादा माल निस्तारित नहीं हो सके थे।
दो दिन पहले डीजीपी के सामने यह समस्या रखी गई।
उन्होंने कहा कि जो माल मुकदमों से संबंधित हैं, उन्हें अलग कराया जाए और लावारिस व मुकदमों से निस्तारित वाहनों व अन्य माल को नीलामी आदि के जरिये निस्तारित कराया जाए। इसके लिए जिला स्तर पर प्लानिंग तैयार की जा रही है। एसपी सिटी अतुल श्रीवास्तव बताते हैं कि जल्द ही माल निस्तारण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।