न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के पेट्रोल पंप की मशीन से पेट्रोल से ज्यादा पानी निकलने से हंगामा खड़ा हो गया। छात्रों के पेट्रोल पंप पर हंगामा किया, जिसके बाद पेट्रोल पंप पर दो दिन के लिए बिक्री रोक दी गई है।
कुलपति प्रो. तारिक मंसूर ने इसे गंभीरता से लेते हुए मेंबर इंचार्ज से रिपोर्ट तलब कर ली है। आगरा से इंडियन ऑयल कारपोरेशन के अधिकारी पेट्रोल पंप पर पहुंचकर जांच कर रहे हैं। नमूना जांच के लिए आगरा भेज दिया गया है।
सोमवार की सुबह शिबलीबाग धौर्रा निवासी एएमयू के पूर्व छात्र जलीस आरिफ की पुत्री और एएमयू छात्रा अपने एक्टिवा स्कूटी में जेएन मेडिकल कॉलेज के पास स्थित पंप से पेट्रोल भरवाकर लौटी। इसके बाद स्कूटी बंद होने पर जलीस आरिफ बेटी की स्कूटी लेकर मैकेनिक के पास पहुंचे तब पता चला कि टंकी में पेट्रोल से अधिक पानी है। माजरा समझ में आने पर जलीस आरिफ पेट्रोल पंप पर पहुंचे। ऐसी ही शिकायत लेकर एएमयू छात्र संघ के पूर्व उपाध्यक्ष नदीम अंसारी, शारिक हसन, मोहतशम और शोएब आदि आए थे। सबकी बाइक कहीं न कहीं बंद हो गई थी।
छात्रों ने पंप कर्मियों पर मिलावट का आरोप लगाकर हंगामा किया। सूचना के बाद प्रॉक्टोरियल टीम के सदस्य भी मौके पर पहुंच गए। आननफानन में पेट्रोल पंप पर बिक्री रोक दी गई। आगरा के अधिकारी नमूना लेकर चले गए हैं। जांच रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई होगी। उल्लेखनीय है कि इसी पेट्रोल पंप पर एंबुलेंस समेत एएमयू के 84 वाहनों में ईंधन भरा जाता है। करीब दो हजार लोग यहां रोर्ज इंधन लेने आते हैं।
पेट्रोल से पानी निकलने का मामला गंभीर है। आगरा से आकर आईओसी के अधिकारी नमूना ले गए है। जल्द ही जांच रिपोर्ट देने की बाते कही है। मंगलवार को भी अधिकारी आने वाले हैं। शनिवार शाम को टैंकर से पेट्रोल एवं डीजल आया था। वाटर मिक्सिंग टेस्ट एवं डेनसिटी चेक करने के बाद स्थानीय कर्मचारियों ने टैंकर खाली करवा लिया। रविवार को अवकाश के कारण पंप नहीं खुला। सोमवार को कुछ लोग पेट्रोल, डीजल लेकर गए। शिकायत मिलने के बाद पंप पर बिक्री रोक दी गई है। घटनाक्रम से कुलपति प्रो. तारिक मंसूर को अवगत करा दिया गया है। पूरे मामले की जांच चल रही हैं।
- प्रो. मो. अली, एमआईसी पेट्रोल पंप।
दो टेस्ट के बाद खाली हुआ टैंकर
टैंकर से पेट्रोल एवं डीजल खाली करने के पहले स्थानीय स्तर पर दो टेस्ट होता है। यह सुविधा आईओसी द्वारा उपलब्ध कराई गई है। पहला वाटर मिक्सिंग टेस्ट एवं दूसरा डेनसिटी चेक करने के बाद ही टैंकर खाली होता है। एएमयू के पेट्रोल पंप पर दोनो टेस्ट ओके पाए गए। अब सवाल उठता है कि पहले से मिलावट थी तो टेस्ट में कैसे पास हो गया?
अटकलों का बाजार गरम
पंप से पेट्रोल से ज्यादा पानी निकलने को लोग किसी बड़ी गड़बड़ी से जोड़ कर देख रहे हैं। कुछ लोग पेट्रोल टंकी में पानी घुसने की आशंका जता रहे है। वहीं कुछ इसे एथनॉल मिश्रण से जोड़ कर देख रहे हैं। पेट्रोल पंप पर करीब 30 वर्ष सेवा देने के बाद सेवानिवृत्त हुए अजहर ने बताया कि उन्होंने अपने जीवनकाल में ऐसा पहले नहीं देखा। वह कहते हैं कि शनिवार को जो पेट्रोल आया था, उसमें एथनॉल का मिश्रण 10 प्रतिशत है। किसी भी कार्नर से माइस्चर पहुंचने पर पेट्रोल पानी की तरह दिखने लगता है। हो सकता है कि ऐसा हुआ हो। हालांकि पूरी स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। वहीं कुछ लोग ऐसे भी हैं जो टैंकर लोड होने से लेकर खाली होने के बीच किसी तरह की मिलावट की आशंका जता रहे हैं। वहीं कुछ पंप पर भी मिलावट की आशंका जता रहे हैं। बहरहाल पूरी स्थिति जांच के बाद स्पष्ट होगी। इंतजामिया के सख्त रुख से पंप पर कार्यरत कर्मचारी सहमे हुए हैं।
एएमयू का पेट्रोल पंप कंज्यूमर डिपार्टमेंट देखता है, जिसका कार्यालय आगरा में है। इस संबंध में मुझे कोई जानकारी नहीं है।
- विनायक गुप्ता, एरिया सेल्स ऑफिसर, आईओसी।