दरोगा ने महिला से रिश्वत ली, अश्लील हरकत भी की
क्राइम डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
महिला थाने में तैनात दरोगा ने एक मुकदमे को खत्म कराने के नाम पर न सिर्फ महिला से रिश्वत ली, बल्कि उसके साथ अश्लील हरकतें भी कीं। दरोगा के खिलाफ लगे इन आरोपों को अपर पुलिस महानिदेशक आगरा जोन ने गंभीरता से लिया है।
एसपी क्राइम को मुकदमे का आईओ बदलने और रिश्वत मांगने वाले दरोगा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर फंड, पेंशन को शासनादेश के अनुसार जांच के दौरान रोकने के निर्देश दिए हैं।
थाना क्वार्सी निवासी महिला का आरोप है कि महिला थाने में तैनात दरोगा सुरेश चंद ने दर्ज मुकदमे को खत्म करने के लिए उनसे 70 हजार रुपये की मांग की।
इससे पहले बयान दर्ज कराने के नाम पर पति-पत्नी को थाने बुलाया। थाने के कमरे से उसके पति को बाहर निकाल दिया और दरोगा ने उससे अश्लील हरकत की।
विरोध करने पर जेल भेजने की धमकी दी और 10 हजार रुपये एेंठ लिए। एसएसपी से इसकी शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अंत में पीड़िता ने अपर पुलिस महानिदेशक (आगरा जोन) के यहां फरियाद लगाई।
अपर पुलिस महानिदेशक ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी क्राइम को तत्काल आईओ बदलने और आरोपी दरोगा के खिलाफ रिपोर्ट दर्जकर उसकी पेंशन, फंड आदि सुविधाओं को जांच पूरी होने तक रोकने के भी निर्देश दिए हैं।