जिला अस्पताल में 250 रुपये दो, स्वास्थ्य प्रमाण पत्र लो
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
मलखान सिंह जिला अस्पताल में ई रिक्शा के लिए आवेदन करने वालों से स्वास्थ्य प्रमाण पत्र बनाने के बदले में 250 रुपये मांगे जा रहे हैं। कैमरे पर पीड़ितों ने इस बात को स्वीकार किया। एक पीड़ित ने पैसे मांगने वाले बाबू की आवाज रिकार्ड की।
चाहे शासन द्वारा या स्वयं ई रिक्शा खरीदें, अब पंजीयन के लिए स्वास्थ्य प्रमाण पत्र बनवाना होता है। पिछले दिनों ई रिक्शा संचालक जब जिला अस्पताल प्रमाण पत्र बनवाने गए तो उनसे 250 रुपये इस बात के लिए ले लिए गए।
सिविल लाइन के टॉवर वाली गली निवासी मो. अयाज, देहली गेट के कुंजलपुर निवासी हरिओम और अब्दुला गर्ल्स हाईस्कूल के पास रहने वाले हबीब ने बताया कि इस पैसे की कोई रसीद आदि भी नहीं दी गई। अस्पताल के सीएमएस ने इसे गंभीरता से लेते हुए दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
इस तरह मांगे पैसे
पीड़ित- प्रमाण पत्र के लिए 250 रुपये किस बात के लिए जा रहे हैं?
लिपिक- अबे तुझे प्रमाण पत्र चाहिए या विभाग की पत्रावली, ज्यादा मुंह मत चला
पीड़ित- 250 रुपये तो इस समय नहीं हैं। 100 रुपये हैं, काम चल जाएगा?
लिपिक- 100 रुपये में आधा फाड़ के दे दूंगा प्रमाण पत्र, टाइम खोटी मत कर, अगले को आने दे
पीड़ित- बाबू जी गरीब आदमी हूं दया करो
लिपिक- अबे (गाली देकर) यहां पर गरीब ही आते हैं, चल निकल ले।
यह बेहद गंभीर मामला है। मैं इस मामले की गहराई से जांच कराऊंगा और जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
- डॉ. रामकिशन,सीएमएस, मलखान सिंह जिला अस्पताल