ऊपरकोट बवाल मामले में दो वारंटी दबोचे
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
ऊपरकोट पर रेलवे रोड के दोहरे हत्याकांड के बाद हुए बवाल में 12 में से दो वारंटियों को पुलिस ने बुधवार देर रात दबोच लिया। आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश देने जाने के दौरान इंस्पेक्टर की जीप संकरी गली में पलटने से बच गई। पुलिस फिर से शेष वांछित वारंटियों के खिलाफ पोस्टर चिपकाने का अभियान चलाएगी।
11 सितंबर को ऊपरकोट पर जुमे की नमाज के बाद रेलवे रोड पर दोहरे हत्याकांड के विरोध में पुलिस पर पथराव किया गया था। इसमें कई पुलिस कर्मियों को चोटें भी आई थीं। पुलिस ने 22 उपद्रवियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। बाद में फोटो के आधार पर 44 को चिह्नित किया था।
अब तक आधा दर्जन से ज्यादा जेल भेजे जा चुके हैं। इनमें से एक दर्जन के खिलाफ पिछले दिनों अदालत ने गैर जमानती वारंट जारी कर दिया था। बुधवार देर रात साढ़े 12 बजे पुलिस को मुखबिर से दो वारंटियों को घर में होने की सूचना मिली।
इंस्पेक्टर ने अपने हमराहियों के साथ उपद्रवियों के घर दबिश दी। पुलिस ने नयाबुद्दीन उर्फ भूरा निवासी चंदन शहीद रोड व आरिफ उर्फ चीनी निवासी शेखान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उन्हें जेल भेज दिया गया।