जातिवाद के चलते नहीं मिल रही प्रशासनिक मदद
ब्यूरो,अमर उजाला ,अलीगढ़।
बसपा के अलीगढ़-आगरा के जोन इंचार्ज व एमएलसी सुनील चित्तौड़ ने कहा कि जातिवाद के चलते प्रशासन स्तर से पीड़ित परिवार की मदद नहीं की जा रही है।
सोमवार को यह बातें उन्होंने सूत मिल बीमा नगर में हुए विस्फोट से आहत लोगों से मुलाकात करने के बाद पत्रकारों से कहीं। उन्होंने कहा कि विस्फोट के बाद पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे रात गुजार रहा है। इसलिए उन्हें कांशीराम या लोहिया आवास में आवास दिलाया जाए।
कहा, वैसे ही अपराध का ग्राफ बढ़ा है, ऐसे में खुले में रह रहे पीड़ित लोगों के साथ कोई अनहोनी हो गई तो इसका जिम्मेदार कौन होगा? इस हादसे के शिकार लोगों के परिजन को 25-25 लाख रुपये और सरकारी नौकरी दी जाए। जोन इंचार्ज ने पीड़ित परिवार की आर्थिक मदद की। उन्होंने कहा कि घायलों के इलाज में लापरवाही बरती जा रही है।
घटना की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। बसपा सुप्रीमो मायावती के निर्देश पर जोन इंचार्ज की अगुवाई में प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिजनों से मुलाकात की। इस मौके पर हेमंत प्रताप सिंह, रणवीर सिंह कश्यप, गजराज सिंह विमल, बसपा जिलाध्यक्ष अशोक सिंह, सूरज सिंह, विजय चंदेल बघेल, महेश चौधरी, कमल सिंह, चौधरी महेंद्र सिंह, नंद किशोर, आरिफ बॉबी, रजिया खान, मोहम्मद फुरकान आदि मौजूद रहे।
जमीरउल्लाह के आने से मिलेगी मजबूती
बसपा के अलीगढ़-आगरा के जोन इंचार्ज व एमएलसी सुनील चित्तौड़ ने कहा कि पूर्व विधायक जमीरउल्लाह के बसपा में आने से पार्टी को और मजबूती मिलेगी। 17 सितंबर को एक कार्यक्रम होगा, जिसमें अन्य लोग भी पार्टी में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के क्रियाकलाप की हकीकत छह महीने में सबके सामने आ गई है।