रेलवे प्लेटफार्म पर महिला से अभद्रता
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
सोशल मीडिया पर एक एक वीडियो वायरल है। इस वीडियो में रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म पर एक सफाई कर्मी महिला यात्री से गालीगलौज कर रहा है। अन्य यात्रियों के हस्तक्षेप करने पर वह मुसाफिरों से भी उलझ रहा है। रेलवे स्टेशन पर महिला मुसाफिर के साथ सफाई कर्मी की इस दादागिरी पर लोगों में नाराजगी है।
मामला शनिवार दोपहर का है। स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर भट्ठे पर काम करने वाले मुसाफिर ट्रेन की प्रतीक्षा में बैठे थे। सफाई कर्मी दो बार सफाई कर गया, लेकिन बच्चों की संख्या अधिक होने से थोड़ी देर बाद गंदगी हो जाती।
इस पर एक सफाई कर्मी वहां पहुंचा और महिला समेत उसके परिवार पर बरस पड़ा। धमकाते हुए गालीगलौज करने लगा। अन्य मुसाफिरों ने विरोध किया तो उन पर भी हावी होने की कोशिश करने लगा।
इसी बीच वहां मौजूद कुछ लोगों ने अपने मोबाइल कैमरे आन कर लिए और सफाई कर्मी से बात करने लगे। इस पर सफाई कर्मी का साथी उसको लेकर जाने लगा। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इस संबंध में रेलवे के अधिकारियों ने जांच कर कार्रवाई की बात कहते हुए अपना पल्ला झाड़ लिया।