जिले में बुधवार को स्वरोजगार संगम मेले का उद्घाटन डीएम ने किया। ऑनलाइन आयोजित इस मेले में डीएम ने युवाओं को 60 लाख के ऋण व टूल किट बांटे। उन्होंने एलडीएम समेत अन्य अफसरों को रोजगार परक योजनाओं के शत प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के लिए सक्रियता बढ़ाने के निर्देश दिए।
प्रदेशस्तर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में ऑनलाइन स्वरोजगार संगम मेले का शुभारंभ किया गया। मेले में कुल 31542 एमएसएमई इकाइयों को 2505 करोड़ का लोन पूरे प्रदेश में वितरित किया गया। स्वरोजगार संगम मेले में प्रदेश के समस्त 75 जनपदों ने एनआईसी के माध्यम से प्रतिभाग किया।
जनपद में जिलाधिकारी चंद्र भूषण सिंह की अध्यक्षता में स्वरोजगार संगम मेले का उद्घाटन किया गया। जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम योजना, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद वित्त पोषण सहायता योजना, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अभ्यर्थियों को टूलकिट, प्रमाणपत्र व ऋण अनुमोदन पत्र देकर सम्मानित किया गया।
जिलाधिकारी ने मेले में उपस्थित अग्रणी जिला प्रबंधक, उपायुक्त उद्योग व अन्य अधिकारियों को निर्देशित किया कि विभिन्न रोजगारपरक योजनाओं के अंतर्गत प्राप्त लक्ष्यों की समयान्तर्गत शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित करें। इस दौरान प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम में संजीव कुमार को हार्डवेयर उद्योग के लिए 10 लाख, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के अंतर्गत सजल अग्रवाल को पैकिंग बॉक्स उद्योग के लिए 25 लाख एवं ओडीओपी वित्त पोषण योजना में शंभू सिंह को हार्डवेयर उद्योग के लिए 25 लाख का चैक उपलब्ध कराया गया। विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना में लोहार मोहम्मद आरिफ और मोची जसवंत को जिलाधिकारी द्वारा टूल किट का वितरण किया गया। इस अवसर पर सीडीओ अंकित खंडेलवाल, उपायुक्त उद्योग श्रीनाथ पासवान एवं एलडीएम अनिल कुमार सिंह उपस्थित रहे।