न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
डीएम चंद्रभूषण सिंह ने विद्यार्थियों से कहा कि वह मन लगाकर पढ़ें और आगे बढ़े। अपने सपने को पूरा करें।
शुक्रवार को वह रामघाट रोड स्थित केंद्रीय विद्यालय का वार्षिकोत्सव व पुरस्कार वितरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। उन्होंने विद्यालय का पहली बार 12वीं में शत प्रतिशत परीक्षा परिणाम आने पर खुशी जताई। कहा, ऐसा विद्यार्थियों की मेहनत से मुमकिन हो पाया है। उन्हें बधाई देते हैं। डीएम ने 94.6 फीसदी अंक से पास होने वाली विद्यालय की टॉपर मनीषा कुमारी सहित कक्षा 1 से 11 तक के सर्वश्रेष्ठ विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया।
इससे पहले समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि डीएम चंद्रभूषण सिंह ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। अतिथि के स्वागत में स्वागत गान प्रस्तुत किया गया। विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर अतिथियों व अभिभावकों का मन मोह लिया। सांस्कृतिक कार्यक्रम संगीत शिक्षक विवेक शंकर व सोनी शंकर की देखरेख में हुआ। प्रधानाचार्य प्राची दीक्षित ने विद्यालय की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस अवसर पर शिक्षिका प्रीति शर्मा, एके सिंह, प्रियंका उपमन्यु, सुरेश चंद आदि मौजूद रहे।