न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
होली खेलने के लिए बाजार में आई चाइना व देशी स्प्रे त्योहार में सेहत से खिलवाड़ कर सकती हैं। जबकि कंपनियों ने चेतावनी लगाकर अपना बचाव कर रखा है। यह स्प्रे बिल्कुल वैसे ही बिक रही हैं, जैसे सिगरेट, तंबाकू इत्यादि सामान चेतावनी लगाकर बेचा जाता है। एएमयू के केमिस्ट्री विभाग के सीनियर प्रोफेसरों की माने तो चेतावनी के अनुसार तीन साल से कम बच्चे के लिए स्प्रे नुकसानदायक है तो यह स्प्रे अधिक उम्र वाले बच्चे के लिए भी नुकसानदायक होगी। अगर नुकसानदायक नहीं है तो उत्पाद पर लिखा होना चाहिए था कि इसका प्रयोग पूर्ण रूप से सुरक्षित है।
बता दें कि होली खेलने के लिए बाजार में प्रति वर्ष की तरह इस बार भी स्प्रे आई हैं। यह स्प्रे दो प्रकार की है। एक देशी और दूसरी चाइना। अब चाइना स्प्रे पर गौर करें तो उस पर साफ साफ चेतावनी दी गई है कि इसे तीन साल से कम बच्चों की पहुंच से दूर रखें। उनके लिए यह नुकसानदायक है। इस पर केमिस्ट्री विशेषज्ञों ने बताया कि जो उत्पाद तीन साल से कम बच्चों के लिए नुकसानदायक है।
वह दस से 15 साल के किशोरों को भी नुकसान पहुंचा सकती है। यह सब मात्रा पर निर्भर करता है। स्प्रे में दिए गए निर्देश में साफ साफ दिया गया है कि यह हवा में उड़ाने के लिए है। इसका प्रयोग मुंह के अंदर नहीं हो सकता है। इसके साथ ही छोटे और नाजुक अंगों के लिए यह उपयोगी नहीं है। जबकि अब देशी स्प्रे की बात करें तो इसमें चेतावनी दी गई है कि इस स्प्रे का प्रयोग इंसान के जिस्म पर नहीं कर सकते हैं। खाने के लिए भी नहीं है। साथ ही स्किन पर भी नहीं लगा सकते। इस पर एएमयू के केमिस्ट्री विभाग के सीनियर प्रोफेसरों ने बताया कि तो यह कैसे मुमकिन है कि इससे होली खेली जाती है या इसे चेहरे पर लगाया जा सकता है। लोगों को इससे दूरी बनानी चाहिए।
35 प्रतिशत कम चाइना से आयात हुआ है माल
अलीगढ़। थोक विक्रेताओं के मुताबिक पिछले वर्ष के मुकाबले बाजार में इस बार 35 प्रतिशत माल कम आयात हुआ है। बताया गया कि मेक इन इंडिया प्रोजेक्ट के जरिए इस बार बाजार में देशी पिचकारियां बिकने लिए भी अच्छी मात्रा में आई हैं। कहा जा रहा है कि चाइना से डाई बनवाकर देश में उत्पादन शुरू कर दिया गया है। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि दो साल बाद देश चाइना से पिचकारियों का आयात नहीं करेगा। भारत चाइना को पिचकारियां बनाने में भरपूर टक्कर दे सकता है। बस समय चाहिए तो उत्पादन का।
मोदी मुखौटा ने बाजार में आते ही मचाई धूम
अलीगढ़। बाजार में आते ही मोदी मुखौटे ने धूम मचा दी। मोदी प्रशंसकों ने जैसे ही मुखौटे देखे, वैसे ही उन्होंने खरीददारी शुरू कर दी।
बता दें कि होली के रंग गुलाल खरीदने आए ग्राहकों ने जैसे ही एक दुकान पर मोदी के चेहरे वाला मुखौटा देखा। वैसे ही उसकी खरीददारी शुरू कर दी। दुकानदार कंवलजीत सिंह चीनू ने बताया कि 12 पीस लेकर आया था। हाथों हाथ बिकते जा रहे हैं। बिक्री देखकर लगता है कि और मुखौटे लाने चाहिए थे।
50 फीट तक गुलाल फेंकता है कलर क्लाउड सिलिंडर
अलीगढ़। कनवरी गंज स्थित एक थोक व्यवसायी के होली को देखते हुए एक अनोखा उत्पाद लाया गया है। इसका नाम है कलर क्लाउड सिलिंडर। यह सिलिंडर गुलाल से भरा हुआ है। दुकानदार का दावा है कि इस सिलिंडर के जरिए गुलाल को 50 फीट से अधिक दूरी पर फेंका जा सकता है। इसके साथ ही यह सिलिंडर गुलाल का गुबार बनाता है। जो देखने में काफी आकर्षक लगता है। कॉक ब्रांड के एक कलर क्लाउड सिलिंडर में चार किलो एक नंबर का गुलाल भरा हुआ बताया जा रहा है। दुकानदार ने बताया कि 100 पीस में से यह आखिरी बचा हुआ है।