न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
अमर उजाला में नगर निगम के वाहनों को डीजल नहीं होने की खबर प्रकाशित होने के बाद नगर आयुक्त ने गंभीरता से संज्ञान लिया और वर्कशाप के वाहनों को डीजल की आपूर्ति सुनिश्चित कराई। इसके बाद वाहन सफाई के लिए वर्कशाप से बाहर निकले।
नगर निगम में पांच लोडर, 9 टिपर, 4 जेसीबी मशीन, 8 टेंपो, 16 ट्रैक्टर, 2 सीवर जेटिंग मशीन, 2 डंपर प्रेशर, 2 बाबकट, 2 रोबोट, एक टीएमएक्स मशीन, एक क्रैन, एक स्वीपिंग मशीन, एक वाटर टैंकर सहित अन्य वाहन हैं।
इसके लिए एक दिन में 800 लीटर से ज्यादा डीजल की जरूरत होती है। शहर में कुछ स्वच्छता वार्ड से एटूजेड कंपनी कूड़ा उठाती है, जबकि दो स्वच्छता वार्डों से नगर निगम कूड़ा उठाता है।
बुधवार को डीजल नहीं होने के चलते कोई भी वाहन वर्कशाप से नहीं निकला। इसका असर सफाई व्यवस्था पर भी देखने को मिला। इसको ध्यान में रखते हुए गुरुवार को नगर आयुक्त ने डीजल की व्यवस्था कराई, जिसके बाद वाहनों को सफाई व्यवस्था में लगाया गया।