न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
एक से 13 अक्टूबर तक देशभर के केंद्रीय विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चे नेशनल क्रिकेट टूर्नामेंट में प्रतिभा दिखाएंगे। 49वीं केवीएस नेशनल स्पोर्ट्स मीट का शुभारंभ सोमवार को आगरा रोड स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल सीनियर विंग अलीगढ़ में किया जाएगा।
डीपीएस अलीगढ़, हाथरस व मंगलायतन विश्वविद्यालय के अलावा तीर्थधाम मंगलायतन के क्रीड़ा मैदान पर टूर्नामेंट के मैच आयोजित होंगे। नेशनल क्रिकेट प्रतियोगिता में देश के 23 रीजन के विद्यालयों की टीमें यहां प्रतिभाग करेंगी। जहां 500 खिलाड़ियों का क्रिकेट हुनर देखने को मिलेगा।
इन मैदानों पर होगा क्रिकेट का महासंग्राम
मथुरा कैंट केंद्रीय विद्यालय के प्रधानाचार्य अनिल मोहन व आगरा जोन के डिप्टी कमिश्नर वाई अरुण कुमार ने डीपीएस व मंगलायतन के सभी क्रीड़ा मैदानों का निरीक्षण किया। अनिल मोहन ने बताया कि केंद्रीय विद्यालय संगठन के पदाधिकारियों ने इस बार नेशनल स्तर की प्रतियोगिता के लिए डीपीएस अलीगढ़, हाथरस, तीर्थधाम मंगलायतन व मंगलायतन विवि के मैदानों को चुना है। अंडर 17 व 19 वर्ग के क्रिकेट टूर्नामेंट को बेहतर ढंग से कराने के लिए केंद्रीय विद्यालय संगठन के जिम्मेदार पदाधिकारियों ने यहां तैयारियां शुरू कर दी हैं।
भारत के कोने-कोने से आएंगे सूरमा
केंद्रीय विद्यालय के टूर्नामेंट में भारत के हर कोने से खिलाड़ी आएंगे। देहरादून, आगरा, कलकत्ता, दिल्ली, रांची, लखनऊ, अहमदाबाद, बंगलूरू, भोपाल, भुवनेश्वर, चंडीगढ़, चेन्नई, गुहाटी, हैदराबाद, जबलपुर, जयपुर, जम्मू, मुंबई, पटना, रायपुर, सिलचर, गुरूग्राम व वाराणसी रीजन में आने वाले केंद्रीय विद्यालयों की टीमें प्रतिभाग करेंगी।
मेजबानी को डीपीएस तैयार
इन खिलाड़ियों के रहने की व्यवस्था तीर्थधाम मंगलायतन में की गई है। डीपीएस के प्रो-वाइस चेयरमैन स्वप्निल जैन ने बताया कि टीम के खिलाड़ियों व कोच के रहने-खाने की उत्तम व्यवस्था की गई है। उद्घाटन समारोह में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
दो खेपों में होंगे आयोजन
एक से छह अक्टूबर तक अंडर-17 टूर्नामेंट होगा और अंडर 19 टूर्नामेंट 8 से 13 अक्टूबर तक होगा। डीपीएस के प्रशासनिक अधिकारी ब्रजमोहन व मनीश मेहरोत्रा ने संयुक्त रूप से बताया कि अंडर -17 टूर्नामेंट का शुभारंभ एक अक्टूबर को डीपीएस अलीगढ़ के मैदान पर होगा। जिसका फाइनल मुकाबला 6 अक्टूबर को डीपीएस हाथरस के मैदान पर होगा। वहीं अंडर 19 क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ डीपीएस हाथरस के मैदान पर आठ अक्टूबर को होगा। जिसका फाइनल मुकाबला 13 अक्टूबर को डीपीएस अलीगढ़ के मैदान पर होगा। मंगलायतन विवि से प्रशासनिक अधिकारी गोपाल राजपूत व फाइनेंस ऑफिसर प्रवीन भारद्वाज भी तैयारियों में लगे हुए हैं व अपना पूरा सहयोग दे रहे हैं।