न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
प्राइवेट बसों को शहर के बाहर से संचालित करने के लिए प्रशासन ने भले ही स्थान चिह्नित कर वहां काम शुरू कर दिया, लेकिन कार्य की गति के अनुसार कुछेक को छोड़कर अन्य से बसों के संचालन में अभी समय लग सकता है। डीएम के निर्देश पर एआरटीओ (प्रशासन) ने प्राइवेट बस अड्डों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद उन्होंने अपनी रिपोर्ट डीएम को भेज दी है। एआरटीओ की रिपोर्ट के विपरीत अभी बस अड्डों से संचालन में 15 से 20 दिन का समय लगेगा।
शहर के बाहर बनाए जाने वाले प्राइवेट बस अड्डों में से धनीपुर मंडी के पास बन रहा बस अड्डा जल्द तैयार हो जाएगा। यहां ज्यादा काम कराने की आवश्यकता नहीं है और जो काम होने हैं वह चल रहे हैं। इसके अलावा खेरेश्वर में जो जमीन समतल थी वह पुलिस चौकी के लिए चिह्नित कर ली गई। प्राइवेट बस आपरेटरों के लिए जो जमीन दी गई है उसे समतल करने में समय लगेगा।
क्वार्सी चौराहा स्थित कमिश्नर आफिस के सामने बस अड्डे के लिए चिह्नित स्थान का गेट तो समतल हैं, लेकिन अंदर दलदल की स्थिति है। यहां भी मिट्टी डालकर समतल करने की आवश्यकता है। एआरटीओ के अनुसार प्रशासनिक कार्य युद्ध स्तर पर चल रहे हैं, लेकिन अभी कम से कम एक सप्ताह का यहां से बसों का संचालन में लग जाएगा। जमीन समतल होने के बाद यहां यात्री सुविधा के लिए संसाधन भी उपलब्ध कराने का कार्य होगा।
एआरटीओ की रिपोर्ट के विपरीत वास्तविक स्थिति यह है कि प्राइवेट बसों का यहां से संचालन होने में कम से 15 से 20 दिन लग जाएंगे। चूंकि अभी यहां जमीन को समतल करने का कार्य चल रहा है। इसके बाद टिनशेड, पानी, शौचालय एवं यात्रियों के बैठने की व्यवस्था भी करनी है।