न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
अप्रैल से लेकर अब तक परिषदीय स्कूलों के बच्चों को न नई किताबें मिल सकी हैं और न ही नई यूनिफॉर्म। रविवार से ग्रीष्मकालीन अवकाश शुरू हो जाएंगे। ऐसे में एक जुलाई से जब विद्यालय खुलेंगे तब भी परिषदीय स्कूलों के बच्चे पुरानी यूनिफॉर्म पहन और फटी-पुरानी किताबें लेकर पढ़ने आएंगे। इसकी मुख्य वजह यही है कि किताबें व यूनिफॉर्म का बजट देरी से मिला है।
यह शैक्षिक सत्र अप्रैल माह से शुरू हो चुका है आधा मई माह बीतने के बाद भी परिषदीय स्कूलों के बच्चों को न तो नई किताबें मिलीं और न ही नई यूनिफॉर्म। हालांकि कुछ किताबें आ गई हैं, लेकिन अभी सत्यापन के चक्कर में इनका वितरण नहीं हुआ है।
इसी तरह यूनिफॉर्म की एक किस्त भी आ चुकी है और अभी तक इसको बनवाने की प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है। ऐसे में पिछले डेढ़ माह से बच्चे पुरानी फटी-पुरानी किताबें लेकर और पुरानी यूनिफॉर्म पहनकर ही विद्यालय आ रहे हैं। अब रविवार से ग्रीष्मकालीन अवकाश शुरू हो जाएगा और जून के बाद एक जुलाई से विद्यालय खुलेंगे।
ऐसे में जुलाई के माह में भी बच्चों के हाथों में फटी-पुरानी किताबें और उनके शरीर पर भी पुरानी यूनिफॉर्म ही होगी। हालांकि बीएसए डॉ. लक्ष्मीकांत पांडेय का कहना है कि शासन से यूनिफॉर्म के लिए धनराशि आ चुकी है और 15 जुलाई तक बच्चों को यूनिफॉर्म वितरित करा दी जाएंगी। डॉ. पांडेय का कहना है कि सत्यापन के बाद वह किताबों का भी वितरण शुरू करा देंगे।